शेयर बाजार ने दिन के दूसरे सत्र में गंवाई बढ़त, मामूली तेजी के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
- बाजार की तेजी के बावजूद निवेशकों को लगा 76 हजार करोड़ का झटका
नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। आज शुरुआती कारोबार के दौरान जोरदार तेजी हासिल करने के बाद दिन के दूसरे सत्र में मुनाफा वसूली के चक्कर में फंस जाने की वजह से घरेलू शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट से उत्साहित निवेशकों ने दिन के पहले सत्र में जमकर खरीदारी की, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने शानदार तेजी हासिल कर ली। हालांकि दिन के दूसरे सत्र में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इन दोनों सूचकांकों की बढ़त काफी घट गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान एफएमसीजी, रियल्टी, बैंकिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। दूसरी ओर, आईटी, मीडिया और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस, मेटल, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हुई बिकवाली के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 75 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 475.16 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 475.92 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 76 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,406 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,641 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,581 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 184 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,992 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,020 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,972 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 399.85 अंक की तेजी के साथ 77,391.07 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने कुछ देर बाद ही खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक 811.96 अंक की मजबूती के साथ 77,803.18 अंक के स्तर पर पहुंच गया। दिन के पहले सत्र में आई इस तेजी से उत्साहित निवेशकों ने दिन के दूसरे सत्र में मुनाफा वसूली शुरू कर दी।
मुनाफा वसूली के चक्कर में लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने की थोड़ी देर पहले सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 810.02 अंक लुढ़क कर 1.94 अंक की सांकेतिक बढ़त के साथ 76,993.16 अंक के स्तर पर आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 109.25 अंक की मजबूती के साथ 77,100.47 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 104.20 अंक की छलांग लगा कर 24,125.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही है लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी 239.95 अंक की मजबूती के साथ 24,261.60 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे निफ्टी की चाल में गिरावट का रुख बन गया।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 222.60 अंक फिसल कर 24,039 अंक के स्तर पर पहुंच गया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा पूर्ण। दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी 34.35 अंक की तेजी के साथ 24,056 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटर ग्लोब एवियशन 4.66 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 3.85 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.84 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 3.75 प्रतिशत और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 3.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ओएनजीसी 2.88 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 2.41 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.40 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.68 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक