शेयर बाजार की तेजी जारी, 77 हजार के पार पहुंचा सेंसेक्स
- बाजार की मजबूती से निवेशकों को 3.48 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। कच्चे तेल की कीमत में लगातार गिरावट का रुख बनने की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज लगातार चौथे कारोबारी दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार में सेंसेक्स एक बार फिर 77 हजार अंक के स्तर के ऊपर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 24 हजार अंक के ऊपर खुलकर 24 हजार अंक के ऊपर ही बंद होने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.45 प्रतिशत और निफ्टी 0.40 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स और मेटल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह आईटी, बैंकिंग, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस, टेक और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, एफएमसीजी, ऑटोमोबाइल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.79 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़कर 475.17 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 471.69 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.48 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,443 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,404 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,876 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 163 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,008 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,699 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,309 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर बढ़त के साथ और 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 33 शेयर हरे निशान में और 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 271.61 अंक की मजबूती के साथ 77 हजार अंक के स्तर को पार कर 77,080.09 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी ही देर में यह सूचकांक 39.99 अंक की कमजोरी के साथ 76,768.49 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में तेजी आ गई।
खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले इस सूचकांक 410.51 अंक की बढ़त के साथ 77,218.99 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक में की चाल में मामूली गिरावट भी आई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 347.14 अंक की तेजी के साथ 77,155.62 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 55.40 अंक उछल कर 24,044.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही 19.45 अंक की गिरावट के साथ 23,969.70 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद लिवालों ने खरीदारी शुरू कर दी, जिसकी वजह से निफ्टी की चाल में तेजी आ गई।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 11:30 बजे के करीब यह सूचकांक 119.05 अंक की तेजी के साथ 24,108.20 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 96.55 अंक की मजबूती के साथ 24,085.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड 7.07 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 3.02 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.60 प्रतिशत, एटरनल 1.89 प्रतिशत और टाटा स्टील 1.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीएमपीवी 8.30 प्रतिशत, सिप्ला 1.63 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.29 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.27 प्रतिशत और एक्सिस बैंक 1.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक