शुरुआती कमजोरी के बाद शेयर बाजार ने दिखाई मजबूती, सेंसेक्स-निफ्टी ने की शानदार रिकवरी
- सेंसेक्स निचले स्तर से 1,047 अंक उछला, निफ्टी ने भी निचले स्तर से लगाई 327 अंक की छलांग- बाजार की मजबूती से निवेशकों ने एक दिन में की 3.29 लाख करोड़ की कमाई
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। स्टॉक मार्केट में निचले स्तर से हुई वैल्यू बाइंग, आईटी सेक्टर की जोरदार तेजी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट के कारण घरेलू शेयर बाजार ने आज शुरुआती कमजोरी के बावजूद शानदार मजबूती के साथ कारोबार का अंत किया। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा।
खासकर, दोपहर 12 बजे के बाद खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में और भी अधिक तेजी आ गई। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 1,045 अंक से भी अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी दिन के निचले स्तर से 325 अंक से अधिक की छलांग लगाने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.52 प्रतिशत और निफ्टी 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी और मेटल इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में सवा तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 463.01 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 459.72 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.29 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,377 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,301 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,904 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 172 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,973 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,797 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,176 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर बढ़त के साथ और 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 322.14 अंक की कमजोरी के साथ 73,945.20 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 452.22 अंक की कमजोरी के साथ 73,815.12 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।
दिन के दूसरे सत्र की शुरुआत से ही खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी, जिससे यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 1,047.47 अंक उछल कर 594.85 अंक की बढ़त के साथ 74,862.19 अंक के स्तर पर आ गया। अंत में मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 212.35 अंक फिसल कर 382.50 अंक की तेजी के साथ 74,649.84 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 153.45 अंक टूट कर 23,229.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इस सूचकांक को खरीदारों का सहारा मिल गया, जिससे इसकी चाल में सुधार होने लगा। दोपहर 12 बजे के बाद बाजार में चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी लाल निशान से उबर कर हरे निशान में पहुंचने में सफल हुआ।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 327.80 अंक उछल कर 174.35 अंक की तेजी के साथ 23,556.95 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई बिकवाली की वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 73.40 अंक लुढ़क कर 100.95 अंक की मजबूती के साथ 23,483.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीसीएस 6.51 प्रतिशत, इंफोसिस 5.68 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 4.05 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.02 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 1.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एनटीपीसी 2.98 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 1.94 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.40 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.27 प्रतिशत और एचडीएफसी लाइफ 1.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक