शुरुआती कमजोरी के बाद शेयर बाजार ने की शानदार वापसी, मजबूती के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

 


- आज के कारोबार से निवेशकों को 22 हजार करोड़ का फायदा

नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का सामना करने के बाद दिन के दूसरे सत्र में शानदार वापसी करने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में कुछ तेजी भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल कमजोर पड़ती चली गई। इसके बाद दोपहर दो बजे के करीब खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों ने लाल निशान से रिकवरी कर हरे निशान में अपनी जगह बना ली। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.37 प्रतिशत और निफ्टी 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 73.62 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,295.49 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 95 अंक उछल कर हरे निशान में 77,390.72 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि, यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया।

बाजार में लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सुबह 10:30 बजे तक सेंसेक्स 243.20 अंक यानी 0.31 प्रतिशत टूट कर 77,125.91 अंक के स्तर तक गिर गया। इस गिरावट के बाद दोपहर लगभग दो बजे तक बाजार में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार होता रहा। इसके बाद खरीदारों में एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में तेजी आ गई।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 540.48 अंक उछल कर 297.28 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,666.39 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे फिसल कर 286.98 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,656.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 43.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत लुढ़क कर 24,175.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में कुछ देर के लिए थोड़ा सुधार भी हुआ। हालांकि, लिवाली का ये दौर लंबा नहीं खींच सका। थोड़ी देर बाद ही बाजार में दोबारा बिकवाली का दबाव बन गया। इस बिकवाली के कारण निफ्टी की चाल कमजोर पड़ती चली गई।

लगातार हो रही शेयरों की बिक्री की वजह से सुबह 10:30 बजे तक यह सूचकांक 103.60 अंक यानी 0.43 प्रतिशत फिसल कर 24,115.45 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद काफी देर तक बाजार मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करता रहा। दोपहर दो बजे के करीब खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से 219.10 अंक उछल कर 115.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,334.55 अंक के स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसके अलावा कंज्यूमर ड्युरेबल्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, मीडिया, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, मेटल, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, एनर्जी और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में बीस हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 493.29 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 493.07 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 22 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,525 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,097 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,229 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 199 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। इसी तरह एनएसई में आज 3,095 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,414 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,681 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 24 शेयर बढ़त के साथ और 6 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज 3.72 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 2.57 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 2.15 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियेशन 2.01 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स 1.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचडीएफसी लाइफ 1.13 प्रतिशत, सिप्ला 1.11 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.08 प्रतिशत, कोल इंडिया 0.71 प्रतिशत और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 0.70 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक