वैश्विक दबाव में लुढ़का शेयर बाजार, कमजोरी के साथ बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी
- बाजार की कमजोरी के कारण निवेशकों को लगी 1.61 लाख करोड़ की चपत
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण पूरे दिन दबाव में कारोबार करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। दिन के कारोबार में खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन बिकवाली दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 438.68 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,516.08 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के बीच खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाने की भी कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में कुछ देर के लिए मामूली सुधार होता हुआ भी नजर आया।
लिवाली के सपोर्ट की वजह से सेंसेक्स आज के ओपनिंग लेवल से 241.32 अंक उछल कर 78,757.40 अंक तक पहुंचने में सफल रहा, लेकिन लिवाली का यह दौर अधिक देर तक टिक नहीं सका। कुछ देर बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। बिकवाली का दबाव बढ़ने पर यह सूचकांक 577.69 अंक यानी 0.73 प्रतिशत लुढ़क कर 78,377.07 अंक के स्तर तक गिर गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 455.59 अंक की कमजोरी के साथ 78,499.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 97.10 अंक यानी 0.39 प्रतिशत टूट कर 24,538.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने की कुछ ही देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 90 अंक से अधिक सुधर कर 24,630.40 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का चौतरफा दबाव बन गया।
बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से निफ्टी की चाल में दोबारा कमजोरी आ गई, जिससे यह सूचकांक 113.25 अंक यानी 0.46 प्रतिशत फिसल कर 24,522.75 अंक के स्तर तक गिर गया। कारोबार के आखिरी आधे घंटे में हुई खरीदारी की वजह से निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 50 अंक सुधर कर 65.35 अंक की गिरावट के साथ 24,570.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल और आईटी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 1.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी के आईटी इंडेक्स ने 1.42 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थ केयर और मेटल इंडेक्स भी बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और बैंकिंग इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स आज पूरे दिन के कारोबार के बाद 0.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 1.60 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 493.34 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 494.95 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.61 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,460 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,044 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,209 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 207 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,998 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,479 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,519 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर बढ़त के साथ और 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीसीएस 3.36 प्रतिशत, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 3.20 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.17 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.82 प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस 5.84 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 3.70 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 3.54 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 2.50 प्रतिशत और जियो फाइनेंशियल 2.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक