लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, निवेशकों ने कमाए 6.28 लाख करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। मजबूती के साथ बाजार खुलने के बाद पूरे दिन लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान चलती रही, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में भी उतार-चढ़ाव होता रहा। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक कभी भी बड़ी गिरावट का शिकार नहीं हुए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.08 प्रतिशत और निफ्टी 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ कारोबार करते रहे। रियल्टी सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का रियल्टी इंडेक्स 3.5 प्रतिशत चढ़ गया। इसी तरह निफ्टी के पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी आज तीन प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। इसके अलावा, आईटी, कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार लिवाली होती रही, जिससे निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.40 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.55 प्रतिशत की उछाल के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में छह लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 481.75 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 475.47 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.28 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,434 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,883 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,377 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 174 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,980 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,104 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 876 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर बढ़त के साथ और पांच शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 40 शेयर हरे निशान में और 10 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 653.81 अंक की मजबूती के साथ 77,395.63 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने पर यह सूचकांक फिसल कर 77,320.56 अंक तक आ गया, लेकिन इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर इस सूचकांक की चाल को तेज कर दिया। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 900.41 अंक उछल कर 77,642.23 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। आज के कारोबार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली भी होती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल ऊपर नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 827.57 अंक की बढ़त के साथ 77,569.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 161.90 अंक उछल कर 24,124.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में और तेजी आ गई। दिन के कारोबार में कई बार मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी की चाल में उतार चढ़ाव होता रहा।
हालांकि, दोपहर एक बजे के बाद ज्यादातर समय खरीदारों का ही जोर बना रहा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 265.65 अंक की तेजी के साथ 24,228.45 अंक तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई बिकवाली की वजह से निफ्टी ऊपरी स्तर से करीब 21 अंक फिसल कर 244.10 अंक की मजबूती के साथ 24,206.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से जियो फाइनेंशियल 3.68 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.87 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.39 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.26 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.99 प्रतिशत, एटरनल 0.96 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.55 प्रतिशत, नेस्ले 0.55 प्रतिशत और सन फार्मास्युटिकल्स 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक