लगातार तीसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 1 दिन में 94 हजार करोड़ का मुनाफा

 


नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। पॉजिटिव वैश्विक संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार आज लगातार तीसरे दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि दिन के दूसरे सत्र में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण शेयर बाजार की चाल में गिरावट भी आई। राहत की बात यही रही कि बिकवाली के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में बने रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.34 प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान रियल्टी, आईटी और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में जमकर खरीदारी होती रही। इसके अलावा मेटल, इंफ्रास्ट्रक्चर और एफएमसीजी इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, पीएसयू बैंक, एनर्जी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों की आज सबसे अधिक बिकवाली होती रही। इसके अलावा मीडिया, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके विपरीत स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 480.20 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 479.26 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 947 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,249 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,182 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,879 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 188 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,993 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,577 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,416 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर बढ़त के साथ और 14 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान और 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 650.22 अंक की मजबूती के साथ 78,152.34 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बाजार में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से मामूली बढ़त बनाते हुए 655.40 अंक की तेजी के साथ 78,157.52 अंक तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इसकी चाल में गिरावट आ गई। दोपहर एक बजे के करीब बाजार में बिकवाली का दबाव काफी बढ़ गया, जिसके कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 447.51 अंक लुढ़क कर 77,710.01 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 261.79 अंक की बढ़त के साथ 77,763.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 199.95 अंक उछल कर 24,375.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसमें ज्यादातर समय बिकवालों का पलड़ा भारी बना रहा। खासकर दोपहर एक बजे के बाद बाजार में बिक्री का दबाव काफी बढ़ गया, जिसके कारण निफ्टी ओपनिंग लेवल से 120 अंक से अधिक टूट कर 24,252.35 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 20 अंक सुधर कर 95.15 अंक की मजबूती के साथ 24,270.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी 5.65 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 2.31 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 2.27 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 2.15 प्रतिशत और डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 2.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक 1.50 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.21 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 1.10 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 0.81 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 0.79 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक