लगातार चौथे दिन घरेलू शेयर बाजार में हुई गिरावट, निवेशकों के 2.99 लाख करोड़ डूबे
नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में लगातार तेजी की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद दिन के पहले सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर रिकवरी की कोशिश भी की, लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी।
दोपहर 11 बजे के बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। सेंसेक्स इंट्रा-डे में 600 अंक से अधिक टूट गया। निफ्टी ने भी इंट्रा-डे में लगभग 190 अंक तक गोता लगाया। हालांकि, आखिरी आधे घंटे के कारोबार में मामूली खरीदारी होने की वजह से इन दोनों सूचकांकों ने निचले स्तर से कुछ हद तक रिकवरी करने में सफलता भी हासिल की। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.47 प्रतिशत और निफ्टी 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 239.95 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,515.10 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दोपहर 11 बजे के करीब ओपनिंग लेवल से 210 अंक से ज्यादा सुधर कर 76,726.66 अंक तक आ गया, लेकिन इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले 603.07 अंक यानी 0.79 प्रतिशत टूट कर 76,151.98 अंक के स्तर तक गिर गया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में एक बार फिर खरीदारों के एक्टिव होकर खरीदारी करने के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 240 अंक रिकवर कर 363.66 अंक की कमजोरी के साथ 76,391.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 91.45 अंक यानी 0.38 प्रतिशत लुढ़क कर 23,904.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारी शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 11 बजे के करीब निफ्टी ओपनिंग लेवल से लगभग 85 अंक सुधर कर 23,990.75 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में दोबारा गिरावट आने लगी। बाजार में लगातार हो रही बिकवाली की वजह से आज का कारोबार खत्म होने के करीब आधा घंटा पहले यह सूचकांक 189.05 अंक यानी 0.79 प्रतिशत फिसल कर 23,807.20 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर लगाया, जिसके कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 60 अंक से अधिक की रिकवरी कर 126.65 अंक की गिरावट के साथ 23,869.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। रियल्टी, ऑयल एंड गैस और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के शेयरों की आज जमकर बिकवाली होती रही। इसी तरह एनर्जी, बैंकिंग, आईटी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थ केयर, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल और मीडिया सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी होती रही। इस खरीदारी के कारण निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 0.70 प्रतिशत मजबूत हो गया। इसी तरह मीडिया इंडेक्स ने भी आज 0.22 प्रतिशत की छलांग लगाई। ब्रॉडर मार्केट में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.99 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब तीन लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 476.88 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 479.87 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.99 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,391 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,637 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,585 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 169 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,973 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 910 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,063 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 19 शेयर हरे निशान में और 31 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज ऑटो 2.59 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.59 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.71 प्रतिशत, टीसीएस 1.57 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 1.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अदानी एंटरप्राइजेज 4.37 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 3.12 प्रतिशत, नेस्ले 3.06 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 2.25 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 1.93 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक