मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने की 1.87 लाख करोड़ की कमाई
नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका के ऊपरी सदन यानी सीनेट के एक प्रस्ताव से झटका लगने के कारण आज दुनिया के कई देशों के शेयर बाजार में तेजी का रुख बन गया। सीनेट में पारित प्रस्ताव के बाद डोनाल्ड ट्रंप के लिए अब ईरान पर नया हमला करना मुश्किल हो गया है। ट्रंप को लगे इस झटके की वजह से आज एशिया के ज्यादातर बाजार में उत्साह का माहौल बन गया, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा। बाजार की तेजी के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 1,068 अंक से भी अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी 300 अंक से अधिक की छलांग लगाने में सफलता हासिल की। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.04 प्रतिशत और निफ्टी 0.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑयल एंड गैस, आईटी और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 476.46 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 474.59 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.87 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,430 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,215 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,034 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 181 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,005 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,542 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,463 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर बढ़त के साथ और सात शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 29.08 अंक की मामूली बढ़त के साथ 76,229.76 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही 79.09 अंक की कमजोरी के साथ 76,121.59 अंक के स्तर पर तक गिर गया। इसके बाद बाजार पर पूरी तरह से तेजड़ियों का कब्जा हो गया। तेजड़ियों द्वारा लगातार की जा रही खरीदारी के कारण सेंसेक्स की स्थिति में सुधार होने लगा। थोड़ी देर में ही यह सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में पहुंच गया।
बाजार में लगातार लिवाली जारी रहने की वजह से आज का कारोबार खत्म होने की थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 1,068.78 अंक उछल कर 989.69 अंक की मजबूती के साथ 77,190.37 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली की वजह से सेंसेक्स ऊपरी स्तर से करीब 200 अंक फिसल कर 790.54 अंक की तेजी के साथ 76,991.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 28.30 अंक की कमजोरी के साथ 23,795.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसल कर 23,789.25 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की चाल में भी सुधार होने लगा।
लगातार हो रही लिवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 300.80 अंक की छलांग लगा कर 265.95 अंक की मजबूती के साथ 24,090.05 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि यह तेजी टिक नहीं सकी। आखिरी वक्त में हुई बिकवाली की वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 68.40 अंक लुढ़क कर 197.55 अंक की बढ़त के साथ 24,021.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एवियशन 4.95 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.60 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 3.31 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.25 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 2.97 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बजाज ऑटो 2.74 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.07 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.78 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.76 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक