बड़ी गिरावट के बाद सेंसेक्स 1,403 अंक तक उछला, निफ्टी की 434 अंक तक छलांग

 


- बाजार की मजबूती से निवेशकों को 1.72 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार चौथे कारोबारी दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही निगेटिव सेंटीमेंट्स के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बड़ी गिरावट का शिकार हो गए। हालांकि कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे बाजार की स्थिति सुधरने लगी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.69 प्रतिशत और निफ्टी 0.68 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने लगातार तीसरे कारोबारी दिन निचले स्तर से शानदार रिकवरी कर मजबूती के साथ बंद होने में सफलता हासिल की। इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स ने निचले स्तर से 2,022.73 अंक और निफ्टी ने निचले स्तर से 599.75 अंक की छलांग लगाई थी। इसी तरह कल यानि सोमवार के कारोबार में सेंसेक्स निचले स्तर से 1,478.80 अंक और निफ्टी निचले स्तर से 455.40 अंक उछल गए थे। आज भी सेंसेक्स ने निचले स्तर से 1,403.91 अंक की और निफ्टी ने निचले स्तर से 434.55 अंक की छलांग लगाई।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी, मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके वजह से बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 0.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉल कैप इंडेक्स ने 0.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में की मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने दो लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 429.23 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 427.51 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,381 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,668 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,560 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 153 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,985 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,924 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,061 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त के साथ और 11 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 37 शेयर हरे निशान में और 13 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 372.49 अंक की कमजोरी के साथ 73,734.36 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही यह सूचकांक निगेटिव सेंटीमेंट्स के कारण 824.44 अंक फिसल कर 73,282.41 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के करीब सेंसेक्स निचले स्तर से रिकवरी कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहा। बाजार में इसके बाद भी खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाए रखा, जिसके कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 1,403.91 अंक की रिकवरी कर 579.47 अंक की मजबूती के साथ 74,686.32 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 509.73 अंक की बढ़त के साथ 74,616.58 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 129.55 अंक टूट कर 22,838.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही यह सूचकांक 248.95 अंक की कमजोरी के साथ 22,719.30 अंक के स्तर तक लुढ़क गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 434.55 अंक सुधर कर 185.60 अंक की मजबूती के साथ 23,153.85 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 30 अंक से अधिक फिसल कर 155.40 अंक की तेजी के साथ 23,123.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से विप्रो 3.77 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.92 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.73 प्रतिशत, टीसीएस 2.66 प्रतिशत और इंफोसिस 2.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.78 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 1.06 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एविएशन 1.01 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 0.63 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक