पूरे दिन उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर बंद हुआ शेयर बाजार
नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल भी लगातार ऊपर नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.0018 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने 0.02 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 202.99 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,388.42 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 394.26 अंक यानी 0.51 प्रतिशत उछल कर 77,579.69 अंक तक पहुंच गया। दूसरी ओर बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 99.01 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,086.42 अंक के स्तर तक गिर भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.44 अंक की सांकेतिक तेजी के साथ 77,186.87 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 63.60 अंक यानी 0.26 प्रतिशत उछल कर 24,142.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 108 अंक यानी 0.45 प्रतिशत बढ़ कर 24,186.50 अंक के स्तर तक पहुंच गया। बिकवाली का दबाव बनने पर इस सूचकांक ने 28.50 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,050 अंक तक गोता भी लगाया। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी 5.75 अंक की मामूली गिरावट के साथ 24,072.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मीडिया और आईटी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल, कैपिटल गुड्स और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, रियल्टी सेक्टर में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह बैंकिंग, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशानी बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,441 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,012 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,224 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 205 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,980 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,307 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,673 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 15 शेयर बढ़त के साथ और 15 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटरग्लोब एविएशन 1.83 प्रतिशत, विप्रो 1.77 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.66 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.60 प्रतिशत और मारुति सुजुकी 1.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एटरनल 2.83 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.37 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 0.94 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 0.91 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 0.88 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक