पांच दिन की मजबूती के बाद बड़ी गिरावट का शिकार हो गए सेंसेक्स और निफ्टी
नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में सीजफायर को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण दुनिया के ज्यादातर देशों की तरह घरेलू शेयर बाजार में भी आज बिकवाली का दबाव बना रहा। लगातार पांच कारोबारी दिन तक मजबूती के साथ बंद होने वाले घरेलू शेयर बाजार में आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में खरीदारी के सपोर्ट से काफी हद तक सुधार भी हुआ। हालांकि, पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई।
पूरे दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,251 अंक तक टूट गया। निफ्टी ने भी इंट्रा-डे में 314 अंक तक गोता लगाया। हालांकि अंत में हुई मामूली खरीदारी के कारण ये दोनों सूचकांक निचले स्तर से कुछ हद तक रिकवर करने में सफल रहे। दिन भर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ और निफ्टी 0.93 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑयल एंड गैस, पीएसयू बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में 0.40 प्रतिशत से लेकर दो प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी और टेक इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, मेटल, हेल्थकेयर, आईटी और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.17 प्रतिशत की छलांग लगा कर आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में अस्सी हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 444.68 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 445.51 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 83 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में एनएसई में 2,972 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,376 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,596 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से नौ शेयर बढ़त के साथ और 21 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 243.57 अंक की कमजोरी के साथ 77,319.33 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से पहले 10 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 110 अंक की रिकवरी कर 77,429.33 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर दो बजे के कुछ देर बाद यह सूचकांक 1,251 अंक लुढ़क कर 76,347.90 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की। लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 283.75 अंक रिकवर कर 931.25 अंक की गिरावट के साथ 76,631.65 अंक के स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 88.30 अंक टूट कर 23,909.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 81.70 अंक सुधर कर 23,990.75 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 2:30 बजे के करीब निफ्टी 314.55 अंक फिसल कर 23,682.80 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी दिन के निचले स्तर से 92.30 अंक की रिकवरी कर 222.25 अंक की कमजोरी के साथ 23,775.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.56 प्रतिशत, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.72 प्रतिशत, बजाज ऑटो 1.61 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.54 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 1.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंटर ग्लोब एवियशन 3.61 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 3.25 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 2.74 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.63 प्रतिशत और एटरनल 2.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक