पश्चिम एशिया संकट के कारण शेयर बाजार में ब्लैक मंडे, सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त गिरावट

 


- एक दिन के कारोबार में ही निवेशकों को 13.99 लाख करोड़ की लगी चपत- सेंसेक्स ने इंट्रा-डे में 1,974 अंक तक गोता लगाया, निफ्टी में 643 अंक तक टूटा

नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी जंग और कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही घरेलू शेयर बाजार में कोहराम मच गया। आज इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी बुरी तरह से ध्वस्त हो गए। इस जोरदार गिरावट के कारण सप्ताह का पहला कारोबारी दिन स्टॉक मार्केट के लिए ब्लैक मंडे बन गया। ब्रॉडर मार्केट में भी आज जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। पूरे दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,970 अंक से अधिक लुढ़क गया। इसी तरह निफ्टी ने भी 640 अंक से अधिक का गोता लगाया। हालांकि आखिरी वक्त में हुई मामूली लिवाली के कारण दोनों सूचकांकों में निचले स्तर से मामूली सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.46 प्रतिशत और निफ्टी 2.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही ग्लोबल मार्केट में बने निगेटिव सेंटीमेंट्स के वजह से घरेलू शेयर बाजार में भी सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। इसके थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली सुधार भी हुआ, लेकिन खरीदारी का ये दौर अधिक देर तक टिक नहीं सका। कुछ देर बाद ही बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से दोनों सूचकांक दोबारा धराशायी हो गए। दोपहर एक बजे के बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाकर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन शाम तीन बजे के बाद बाजार पर बिकवाल पूरी तरह से हावी हो गए।

आज पूरे दिन का कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के सभी सेक्टर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में ही कारोबार करते रहे। कंज्यूमर ड्यूरेबल और मेटल सेक्टर में आज सबसे अधिक बिकवाली होती रही, जिसके कारण कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 4.91 प्रतिशत और मेटल इंडेक्स 4.76 प्रतिशत टूट गए। इसी तरह बैंकिंग इंडेक्स, ऑटोमोबाइल इंडेक्स, कैपिटल गुड्स इंडेक्स और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, टेक, हेल्थ केयर, एफएमसीजी और आईटी इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज चौतरफा बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 3.90 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 3.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई जबरदस्त कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब 14 लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 415.12 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 429.11 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 13.99 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,556 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 581 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,858 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 117 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,040 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 213 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,827 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से चार शेयर बढ़त के साथ और 26 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से चार शेयर हरे निशान में और 46 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 800.38 अंक की कमजोरी के साथ 73,732.58 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत में ही यह सूचकांक 1,555.62 अंक की गिरावट के साथ 72,977.34 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की स्थिति में कुछ देर तक सुधार भी हुआ। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही बाजार में एक बार फिर बिकवाल हावी हो गए, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक 1,974.52 अंक फिसल कर 72,558.44 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 140 अंक की रिकवरी कर 1,836.57 अंक की गिरावट के साथ 72,696.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 290.15 अंक लुढ़क कर 22,824.35 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही निगेटिव सेंटीमेंट्स के कारण यह सूचकांक 22,634.55 अंक तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे पहले 20 मिनट के कारोबार में ही निफ्टी रिकवरी कर 22,851.70 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि थोड़ी देर बाद ही मंदड़ियों ने एक बार फिर बिकवाली का दबाव बना दिया, जिसकी वजह से यह सूचकांक फिसलता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 643.25 अंक टूट कर 22,471.25 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे की वजह से हुई खरीदारी के कारण निफ्टी निचले स्तर से 40 अंक से अधिक की रिकवरी कर 601.85 अंक की कमजोरी के साथ 22,512.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.87 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.51 प्रतिशत, इंफोसिस 0.28 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.19 प्रतिशत और ओएनजीसी 0.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस 6.49 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 6.17 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 5.70 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 5.52 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 5.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक