पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका से लुढ़का शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 1.13 लाख करोड़ की चपत
नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका की वजह से दुनिया भर के तमाम स्टॉक मार्केट मे आज डर का माहौल बना रहा। वैश्विक स्तर पर बने घबराहट के इस माहौल में भारतीय स्टॉक मार्केट भी गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी तेजी भी आई, लेकिन कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से ये दोनों सूचकांक गिरते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.22 प्रतिशत और निफ्टी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 88.73 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,629.56 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवाली शुरू हो जाने के कारण कुछ देर में ही यह सूचकांक 248.57 अंक यानी 0.32 प्रतिशत उछल कर 77,789.40 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि यह तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी। कुछ देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स गिरता चला गया।
शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण दोपहर दो बजे के करीब यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 587.74 अंक टूट कर 339.17 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,201.66 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने बाजार में एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 167.45 अंक सुधर कर 171.72 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,369.11 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 33.05 अंक यानी 0.14 प्रतिशत उछल कर 24,285.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक पहले 5 मिनट में ही 61 अंक यानी 0.25 प्रतिशत उछल कर 24,313 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल कमजोर पड़ने लगी।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर दो बजे के करीब निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 168.70 अंक फिसल कर 107.70 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,144.30 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में निचले स्तर से कुछ सुधार भी हुआ। आखिरी घंटे में हुई खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 74.75 अंक की रिकवरी कर 32.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,219.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान मेटल सेक्टर के शेयरों की जम कर खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से बीएसई का मेटल इंडेक्स 1.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके अलावा आईटी, एफएमसीजी, रियल्टी, हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों की आज जम कर बिकवाली होती रही।
इसके अलावा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, मीडिया, कैपिटल गुड्स और ऑटोमोबाइल इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 491.99 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 493.12 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.13 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,688 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,039 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,400 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 249 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,138 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,458 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,680 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 9 शेयर बढ़त के साथ, 20 शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में, 26 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से जेएसडब्ल्यू स्टील 2.57 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.37 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.80 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.50 प्रतिशत और डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 1.73 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.64 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 1.64 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.52 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक