जोरदार तेजी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने एक दिन में की 4.27 लाख करोड़ की कमाई

 


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। इंट्रा-डे में सेंसेक्स लगभग 1,000 अंक उछल गया इसी तरह निफ्टी भी लगभग 300 अंक तक की मजबूती हासिल करने में सफल रहा। बाजार की इस तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों को आज एक ही दिन में 4.27 लाख करोड़ रुपये का जबरदस्त मुनाफा हो गया।

आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर के लिए बिकवाली का दबाव भी बना लेकिन इसके बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया। पूरे दिन के कारोबार में बाजार पर तेजड़िये छाए रहे। हालांकि मंदड़ियों ने कई बार बिकवाली का दबाव बनाने की कोशिश भी की लेकिन खरीदारी के जोश के आगे उनकी कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.16 प्रतिशत और निफ्टी 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 675.85 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,423.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे यह सूचकांक 77,333.24 अंक के स्तर तक लुढ़क गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल में दोबारा तेजी आ गई।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स 999.57 अंक यानी 1.30 प्रतिशत उछल कर 77,765.49 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में मामूली बिकवाली भी हुई, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 110 अंक से अधिक फिसल कर 888.68 अंक की बढ़त के साथ 77,654.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 191.30 अंक यानी 0.80 प्रतिशत की छलांग लगा कर 24,176.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद कुछ देर के लिए बिकवाली का दबाव भी बना, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिर कर 24,136.75 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार पर पूरी तरह से खरीदार हावी हो गए, जिससे निफ्टी की चाल में भी तेजी आ गई। हालांकि दिन के कारोबार के दौरान बीच-बीच में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे लेकिन खरीदारी का जोर इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई खास असर नहीं हो सका।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के करीब निफ्टी 298.20 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,283.55 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद आखिरी आधे घंटे के कारोबार में मंदड़ियों ने मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से करीब 34 अंक फिसल कर 264.85 अंक की मजबूती के साथ 24,250.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी, मेटल और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में जम कर खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह मेटल इंडेक्स भी 2.26 प्रतिशत उछल गया, जबकि एफएमसीजी इंडेक्स ने 1.50 प्रतिशत की छलांग लगाई। इसके अलावा कैपिटल गुड्स, बैंकिंग, मीडिया, टेलीकॉम, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और हेल्थकेयर इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे।

दूसरी ओर, रियल्टी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयर आज दबाव में कारोबार करते रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.48 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में सवा चार लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 483.35 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 479.08 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.27 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,424 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,593 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,652 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 179 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,970 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,879 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,091 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर बढ़त के साथ और 5 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से जियो फाइनेंशियल 5.23 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 4.70 प्रतिशत, इंफोसिस 4.51 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.78 प्रतिशत और लार्सन एंड टूब्रो 2.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, अदानी पोर्ट्स 3.10 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.51 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 0.86 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 0.73 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 0.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक