जोरदार उतार-चढ़ाव के बाद कमजोरी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को करोड़ों की चपत
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज जोरदार उतार-चढ़ाव का गवाह बना। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से दिन के पहले सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक शानदार रिकवरी कर हरे निशान में पहुंच गए। सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से लगभग 400 अंक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी ओपनिंग लेवल से 130 अंक से अधिक की छलांग लगाई। हालांकि दोपहर 11 बजे के करीब बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.54 प्रतिशत और निफ्टी 0.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, आईटी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी और हेल्थकेयर इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, एनर्जी, ऑयल एंड गैस और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, टेक और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 466.94 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 467.26 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 32 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में एनएसई में 2,964 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,249 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,715 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में और 32 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 208.84 अंक की गिरावट के साथ 77,094.79 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक थोड़ी देर में ही रिकवर कर हरे निशान में पहुंच गया। लगातार हो रही खरीदारी की वजह से दोपहर 11 के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से 398.74 अंक उछल कर 189.90 अंक की तेजी के साथ 77,493.53 अंक के स्तर तक आ गया।
इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 752.47 अंक टूट कर 562.57 अंक की कमजोरी के साथ 76,741.06 अंक के स्तर पर आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 150 अंक सुधर कर 416.72 अंक की कमजोरी के साथ 76,886.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 42.80 अंक टूट कर 24,049.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे थोड़ी देर में ही यह सूचकांक सुधर कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 11 बजे के करीब निफ्टी ओपनिंग लेवल से 131.90 अंक की छलांग लगा कर 89.10 अंक की बढ़त के साथ 24,181.80 अंक के स्तर तक पहुंच गया।
इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने थोड़ी देर में ही अपनी सारी बढ़त गंवा दी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 224.75 अंक फिसल कर 135.65 अंक की कमजोरी के साथ 23,957.05 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली खरीदारी की वजह से निफ्टी दिन के निचले स्तर से 38.65 अंक सुधर कर 97 अंक की गिरावट के साथ 23,995.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ओएनजीसी 5.39 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.90 प्रतिशत, कोल इंडिया 3.20 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.69 प्रतिशत और नेस्ले 1.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक 2.66 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.62 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एविएशन 2.60 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 2.50 प्रतिशत और श्रीराम फाइनेंस 2.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक