जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 6.09 लाख करोड़ की चपत

 


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। महंगाई की आशंका, ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने का डर और बॉन्ड यील्ड में आए उछाल की वजह से दुनिया के ज्यादातर दूसरे शेयर बाजार की तरह ही भारतीय शेयर बाजार भी आज जबरदस्त गिरावट का शिकार हो गया। सेंसेक्स इंट्रा-डे में 1,280 अंक तक लुढ़क गया। इसी तरह निफ्टी ने भी आज 403 अंक तक का गोता लगाया। बाजार में आई इस जोरदार गिरावट के कारण निवेशकों को एक दिन में ही 6.09 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

शेयर बाजार में आज दिन भर लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में कुछ सुधार भी हुआ, लेकिन सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। इस बिकवाली की वजह से दोनों सूचकांक गिरते चले गए। बाजार में गिरावट का यह सिलसिला दोपहर दो बजे तक जारी रहा। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक काफी हद तक रिकवर करने में सफल रहे। दिन भर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.79 प्रतिशत और निफ्टी 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 287.40 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,192.89 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद ही खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 380.01 अंक की रिकवरी कर 92.61 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 72,572.90 अंक के स्तर पर आ गया।

इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। खासकर, दोपहर 12 बजे के करीब मंदड़ियों ने चौतरफा दबाव बना दिया, जिसकी वजह से अगले दो घंटे में यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 1,280.02 अंक लुढ़क कर 1,187.41 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,292.88 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू की, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आने लगी। इस लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 616.82 अंक रिकवर कर 570.59 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 71,909.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 76.75 अंक यानी 0.34 प्रतिशत टूट कर 22,543.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के करीब निफ्टी ओपनिंग लेवल से 66.90 अंक की रिकवरी कर 22,610.60 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिरता चला गया।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर दो बजे तक निफ्टी 403.15 अंक यानी 1.78 प्रतिशत लुढ़क कर 22,217.30 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी निचले स्तर से 204.65 अंक सुधर कर 198.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,421.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज सेक्टर के शेयरों की लगातार बिकवाली होती रही।

बिकवाली के दबाव की वजह से निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 3.46 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह बीएसई का मेटल इंडेक्स 2.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी के पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स ने 1.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों की आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.17 प्रतिशत उछल गया। इसी तरह बीएसई का टेक इंडेक्स भी 1.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके अलावा कैपिटल गुड्स और टेलीकॉम इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में छह लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 467.01 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 473.10 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.09 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,652 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,367 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,056 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 229 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,285 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 729 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,556 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर बढ़त के साथ और 24 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंफोसिस 4.11 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.49 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.76 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 1.49 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 1.20 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बजाज ऑटो 7.62 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 4.86 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 3.84 प्रतिशत, टाटा स्टील 3.42 प्रतिशत और ग्रासिम इंडस्ट्रीज 3.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक