छह सप्ताह के ऊंचे स्तर पर पहुंचा शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी ने लगाई मजबूत छलांग

 


- बाजार की तेजी से निवेशकों की दौलत में 2.97 लाख करोड़ की बढ़ोतरी

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत होने की उम्मीद तथा कच्चे तेल की कीमत में आई नरमी की वजह से घरेलू शेयर बाजार में आज पूरे दिन जोश का माहौल बना रहा। आज की तेजी के कारण शेयर बाजार पिछले छह सप्ताह के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया।

आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। पूरे दिन शेयर बाजार में रौनक बनी रही। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगते रहे, लेकिन बाजार की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.96 प्रतिशत और निफ्टी 0.87 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान एफएमसीजी, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह आईटी, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, ऑयल एंड गैस और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, कैपिटल गुड्स और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी का जोर बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.49 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.88 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 468.66 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 465.69 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.97 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,453 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,531 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,760 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 162 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,984 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,875 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,109 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर बढ़त के साथ और सात शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 96.86 अंक की बढ़त के साथ 78,617.16 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। दिन के कारोबार में कई बार मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगे। इसके बावजूद सेंसेक्स की रफ्तार पर कोई खास असर नहीं पड़ा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक आज का कारोबार खत्म होने की थोड़ी देर पहले 846.78 अंक उछल कर 79,367.08 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पूरे दिन हुई खरीद-बिक्री के बाद सेंसेक्स ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे फिसल कर 753.03 अंक की तेजी के साथ 79,273.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 9.70 अंक की मामूली मजबूती के साथ 24,374.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में 24,354.90 अंक के स्तर तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 236.85 अंक की छलांग लगा कर 24,601.70 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली बिकवाली की वजह से निफ्टी ऊपरी स्तर से करीब 25 अंक फिसल कर 211.75 अंक की तेजी के साथ 24,576.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से नेस्ले 7.27 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 3.55 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 3.48 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 2.37 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 2.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 3.58 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.32 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 1.01 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 0.97 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 0.74 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक