ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।
कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और ब्याज दर को लेकर बनी चिंता की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान दबाव बना रहा। इस दबाव के बावजूद डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,231.64 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके विपरीत एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.47 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,765.36 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह नैस्डेक 345.35 अंक यानी 1.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 27,193.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 51,302.61 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 0.16 प्रतिशत टूट कर 10,441.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.51 प्रतिशत फिसल कर 7,729.69 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 297.39 अंक यानी 1.20 प्रतिशत लुढ़क कर 24,806.97 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं जबकि दो सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। दक्षिण कोरिया में कोरियाई अल्फाबेट के निर्माण की याद में बनाए जाने वाले हंगुल दिवस के कारण स्टॉक मार्केट बंद है, जबकि ताइवान में आज नेशनल डे की छुट्टी है। इसी वजह से कोस्पी इंडेक्स और ताईवान वेटेड इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं है।
एशियाई बाजार में चीन के शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में आज जबरदस्त गिरावट का रुख बना हुआ है, जिसकी वजह से शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,765.71 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह जापान के टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना हुआ है, जिसकी वजह से निक्केई इंडेक्स 275.11 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68,767 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 148.50 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,403.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.17 प्रतिशत उछल कर 5,387.36 अंक के स्तर पर आ गया है। हैंग सेंग इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 239.21 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,025 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,050.73 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की छलांग लगा कर 1,572.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक