ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार
नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। वहीं एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।
अमेरिका में ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में बढ़ोतरी होने के कारण पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट का शिकार हो गए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 131.59 अंक यानी 0.26 प्रतिशत लुढ़क कर 51,349.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.17 प्रतिशत फिसल कर 7,670.84 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.09 प्रतिशत टूट कर 26,797.54 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट से उत्साहित होकर मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 202.45 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,552.37 अंक के स्तर पर बना हुआ है।
यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,636.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,035.87 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स 0.10 प्रतिशत उछल कर 25,399.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। निक्केई इंडेक्स आज 1,244.73 अंक यानी 1.90 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी के साथ 66,726 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने भी आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 537.74 अंक यानी 1.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,169.70 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की उछाल के साथ 3,840.83 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.18 प्रतिशत उछल कर 6,132.47 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.19 प्रतिशत फिसल कर 22,785.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.16 प्रतिशत लुढ़क कर 5,709.17 अंक के स्तर पर आ गया है। सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 1.52 प्रतिशत टूट कर 1,570.12 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 0.25 प्रतिशत फिसल कर 24,463 अंक के स्तर पर और कोस्पी इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,860.38 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक