ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

 




नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार उतार चढ़ाव होता रहा। पूरे सत्र के कारोबार के बाद वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.36 प्रतिशत लुढ़क कर 51,863.69 अंक के स्तर पर आ गया। वहीं एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.06 अंक की सांकेतिक गिरावट के साथ 7,764.64 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, माइक्रोन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शेयरों में आई तेजी की वजह से नैस्डेक 122.18 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 27,244.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल 91.54 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 51,955.23 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.29 प्रतिशत टूट कर 10,708.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, सीएसी इंडेक्स ने 0.20 प्रतिशत उछल कर 8,154.91 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली उछाल के साथ 25,578.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.04 प्रतिशत फिसल कर 23,389.50 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.11 प्रतिशत लुढ़क कर 5,720.09 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

हैंग सेंग इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 192.75 अंक यानी 0.77 प्रतिशत टूट कर 24,895 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,938.08 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 882.70 अंक यानी 1.36 प्रतिशत की मजबूती के साथ 65,018.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.67 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,319.22 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताईवान वेटेड इंडेक्स 241.51 यानी 0.50 प्रतिशत उछल कर 48,041.32 अंक के स्तर पर, कोस्पी इंडेक्स 0.42 प्रतिशत की छलांग लगा कर 7,047.38 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ 1,604.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक