ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार
नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा पिछले तीन साल से अधिक समय में पहली बार ब्याज दर बढ़ाने और आगे भी सख्ती करने का संकेत देने के कारण वॉल स्ट्रीट में पिछले सत्र के दौरान निवेशक सतर्क होकर कारोबार करते हुए नजर आए। महंगाई बढ़ने की आशंका के कारण अमेरिकी बाजार के सूचकांक गिरावट का शिकार हो गए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 631.33 अंक यानी 1.21 प्रतिशत फिसल कर 51,461.78 अंक के स्तर पर आ गया।
इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.45 प्रतिशत टूट कर 7,551.81 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 25,978.42 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 360.18 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,822.08 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.28 प्रतिशत उछल कर 10,688.47 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.62 प्रतिशत की छलांग लगा कर 8,140.59 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डीएएक्स इंडेक्स 135.47 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,537.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। हैंग सेंग इंडेक्स 206.78 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,507 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.36 प्रतिशत फिसल कर 3,877.46 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.12 प्रतिशत लुढ़क कर 6,429.17 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,292.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 369 अंक यानी 0.57 प्रतिशत उछल कर 64,292 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स में आज जोरदार तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 605.33 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की छलांग लगा कर 46,454.23 अंक के स्तर पर आ गया है।
सेट कंपोजिट इंडेक्स ने भी आज शानदार तेजी दिखाई है। फिलहाल यह सूचकांक 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,576.67 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा कोस्पी इंडेक्स 0.40 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,745.11 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली उछाल के साथ 5,651.70 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक