ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

 


नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए थे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मामूली गिरावट के साथ सपाट स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान खरीदारी होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान तेज उठा-पटक का गवाह बना। एनवीडीया, मार्वेल, टेस्ला और एप्पल के स्टॉक में आई तेजी के कारण अमेरिकी बाजार ने शुरुआती कारोबार के दौरान बड़ी बढ़त ले ली थी, लेकिन ईरान के साथ तनाव बढ़ने की खबर आते ही वॉल स्ट्रीट में बिकवाली शुरू हो गई। हालांकि कारोबार के आखिरी वक्त में हुई बिकवाली के कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांकों पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।

डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 228.91 अंक यानी 0.45 प्रतिशत कि बढ़त के साथ 51,307.79 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,609.78 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.03 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 27,093.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 51,304.56 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,373.51 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.76 प्रतिशत उछल कर 8,209.09 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,124.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से चार के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। दक्षिण कोरिया और थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से कोस्पी इंडेक्स और सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई बदलाव नहीं हुआ है।

गिफ्ट निफ्टी आज फिलहाल 202.50 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,290 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 446.32 अंक यानी 1.74 प्रतिशत लुढ़क कर 25,592 अंक के स्तर तक चला गया है। वहीं जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स आज 249.17 अंक यानी 4.02 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट के साथ 5,946.26 अंक के स्तर तक गिर गया है।

दूसरी ओर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,135.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.56 प्रतिशत उछल कर 4,097.94 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। निक्केई इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 1,937.76 अंक यानी 2.90 प्रतिशत की उछाल के साथ 68,672 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स फिलहाल 916.98 अंक यानी 2.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 46,474.29 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक