ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में तेजी का रुख
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर तेजी का रुख बना हुआ है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान मुनाफा वसूली के कारण बिकवाली का दबाव बना रहा, इसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 49,442.56 अंक के स्तर पर आ गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,109.14 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.26 प्रतिशत फिसल कर 24,404.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ 49,500.20 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान गिरावट का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.55 प्रतिशत लुढ़क कर 10,609.08 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 94.08 अंक यानी 1.13 प्रतिशत टूट कर 8,331.05 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 284.44 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,417.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.77 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,535.71 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.24 प्रतिशत फिसल कर 4,072.39 अंक के स्तर पर आ गया है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 109 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,450.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,009.65 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 143.81 अंक यानी 2.31 प्रतिशत उछल कर 6,362.90 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 680.27 अंक यानी 1.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 37,639.07 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 753.11 अंक यानी 1.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ 59,578 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 95.93 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,457 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.31 प्रतिशत की छलांग लगा कर 1,486.37 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक