ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में आमतौर पर खरीदारी का रुख

 


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी आज सुबह मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान कमजोरी का माहौल बना रहा, जहां प्रमुख सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं एशियाई बाजार से आज राहत के संकेत मिल रहे हैं, जहां अधिकांश प्रमुख सूचकांक शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी आज सुबह हल्के दबाव में नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट पर बेहतरीन रिकवरी देखने को मिली। तकनीकी शेयरों में हुई लिवाली के चलते प्रमुख सूचकांकों में मजबूती आई, जिससे पिछले सत्र की बड़ी गिरावट से बाजार को उबरने में मदद मिली। इस खरीदारी के कारण नैस्डेक कंपोजिट इंडेक्स 264.43 अंक यानी 1.09 प्रतिशत की शानदार मजबूती के साथ 24,579.43 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स ने भी 23.19 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 7,376.92 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल 385.76 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,671.49 अंक के स्तर पर हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार के विपरीत यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान बिकवाल हावी रहे, जिसके चलते सूचकांकों में गिरावट का रुख बना रहा। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 504.65 अंक यानी 1.95 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,820.36 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह फ्रांस के सीएसी इंडेक्स ने भी 66.37 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की सुस्ती दिखाते हुए 8,139 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं, ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स 10,673.94 अंक के स्तर पर बिना किसी बदलाव के सपाट स्तर पर बंद हुआ था।

ग्लोबल मार्केट के इन संकेतों के बीच एशियाई बाजार में आज सुबह शानदार रिकवरी और चौतरफा मजबूती का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजार में से सात के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में पहुंचे हुए हैं, जबकि दो सूचकांक कमजोरी के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाले गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह मामूली गिरावट का रुख नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 42 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की सुस्ती दिखाते हुए 24,939 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स आज मंदी की चपेट में काम करता नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 117.08 अंक यानी 2.21 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 5,179.17 अंक के स्तर पर लाल निशान में बना हुआ है।

दूसरी ओर, जापान के शेयर बाजार में आज सुबह से ही तूफानी तेजी का नजारा दिख रहा है, जहां निक्केई 225 इंडेक्स 1,890.23 अंक यानी 3.29 प्रतिशत की भारी-भरकम बढ़त के साथ 59,325 अंक के स्तर पर आ गया है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी आज बड़ी मजबूती का माहौल बना हुआ है, जहां चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से फिलहाल यह सूचकांक 85.20 अंक यानी 1.68 प्रतिशत की छलांग लगा कर 5,144.89 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह ताइवान स्टॉक एक्सचेंज पर भी आज जबरदस्त तेजी देखी जा रही है, जिसके चलते ताईवान वेटेड इंडेक्स 2,374.42 अंक यानी 5.98 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ 42,076.06 अंक के स्तर पर आ गया है।

थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी आज सुधार नजर आ रहा है और यह सूचकांक 13.22 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,478.92 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इंडोनेशिया के बाजार में भी आज खरीदार पूरी तरह एक्टिव नजर आ रहे हैं, जिसके कारण जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 40 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,090.43 अंक के स्तर पर बना हुआ है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी आज हरे निशान में कारोबार कर रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 16.76 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,665.94 अंक के स्तर पर बना हुआ है। इसके अलावा हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार में भी आज तेजी का रुख बना हुआ है, जहां हैंगसेंग इंडेक्स फिलहाल 33.14 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की मजबूती दिखाते हुए 24,515 अंक के स्तर पर पहुंच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक