ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत के बावजूद एशिया में बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए। इसके साथ ही, डाउ जोन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला माहौल बना रहा, जहां दो प्रमुख सूचकांकों में मजबूती दिखी, लेकिन एक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं एशियाई बाजार में आज कमजोरी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है, जहां अधिकांश प्रमुख सूचकांक बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि सिर्फ एक बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है।
बुधवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अपनी मुख्य नीतिगत दर को अपरिवर्तित रखने के फैसले के बाद अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 97.53 अंक यानी 0.19 प्रतिशत बढ़ कर 52,475.10 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स में 21.37 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की तेजी आई, जिसके कारण यह सूचकांक 7,743.97 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके साथ ही नैस्डैक कंपोजिट भी 72.04 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,549.85 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज सुबह फिलहाल 207.47 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ 52,682.57 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 113.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत उछल कर 25,704.02 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह ब्रिटेन के एफटीएसई इंडेक्स ने 7.96 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 10,694.50 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत, फ्रांस का सीएसी इंडेक्स दबाव में कारोबार करता रहा। पूरे सत्र के कारोबार के बाद यह सूचकांक 0.18 अंक की सांकेतिक कमजोरी के साथ 7,886.96 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज गिरावट का माहौल बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में से इकलौता जापान के बाजार में आज अमेरिकी बाजार के सपोर्ट से खरीदारी देखी जा रही है। यहां निक्केई 225 इंडेक्स आज उछाल के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 140.81 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64,095 अंक के स्तर पर आ गया है।
भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाले गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह गिरावट का रुख नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 37 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की मंदी के साथ 22,696 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स आज कमजोरी के साथ लाल निशान में है। फिलहाल यह सूचकांक 5.64 अंक यानी 0.10 प्रतिशत फिसल कर 5,409.62 अंक के स्तर पर बना हुआ है।
हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स भी आज मामूली गिरावट के साथ काम करता नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 4.83 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मंदी के साथ 23,090 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त गिरावट का रुख बना हुआ है। चौतरफा बिकवाली के दबाव में फिलहाल यह सूचकांक 142.40 अंक यानी 2.37 प्रतिशत टूट कर 5,870.04 अंक के स्तर पर आ गया है।
ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में भी आज मायूसी का माहौल है, जिसके कारण ताइवान वेटेड इंडेक्स लुढ़क गया है। लगातार हो रही बिकवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक 884.98 अंक यानी 1.88 प्रतिशत गिर कर 46,150.60 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी आज लाल निशान में कारोबार कर रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 34.35 अंक यानी 0.93 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,647.12 अंक के स्तर पर बना हुआ है।
इसी तरह थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 12.63 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की मंदी के साथ 1,553.47 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा इंडोनेशिया स्टॉक एक्सचेंज में भी आज बिकवाल पूरी तरह हावी नजर आ रहे हैं, जिसके कारण जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 111.50 अंक यानी 2.11 प्रतिशत की बड़ी कमजोरी के साथ 5,170.81 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक