ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज तेजी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लिवाली का माहौल बना रहा और सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है, जहां कुछ बाजारों में मजबूती का रुख बना हुआ है, तो कुछ दबाव में नजर आ रहे हैं।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान निचले स्तरों से शानदार रिकवरी देखने को मिली, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त बनाने में कामयाब रहे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 556.21 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ 52,177.69 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने भी 0.33 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 7,744.06 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा टेक-हैवी नैस्डेक कंपोजिट शुरुआती गिरावट से उबरकर 20.16 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 26,713.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 86.48 अंक यानी 0.17 प्रतिशत उछल कर 52,264.17 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का माहौल बना रहा, जिससे प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। ब्रिटेन का एफटीएसई 100 इंडेक्स 115.49 अंक यानी 1.07 प्रतिशत की छलांग लगाकर 10,840.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह फ्रांस के सीएसी 40 इंडेक्स ने 0.78 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,934.70 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स भी 84.01 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,382.62 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजारों में से छह के सूचकांक आज मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांकों में गिरावट की वजह से लाल निशान बना हुआ है। वहीं, थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं हो रही है और यह 1,573.01 के स्तर पर पूरी तरह शांत पड़ा है।
एशियाई बाजार में आज गिफ्ट निफ्टी में शुरुआती सुस्ती नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 32.50 अंक यानी 0.14 प्रतिशत टूट कर 22,955.50 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज भारी दबाव और बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 622.33 अंक यानी 10.61 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ लुढ़क कर 5,241.45 अंक के स्तर पर आ गया है।
दूसरी ओर, जापान के निक्केई 225 इंडेक्स में आज शानदार और जोरदार तेजी का रुख बना हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 1,125.05 अंक यानी 1.75 प्रतिशत की बंपर छलांग लगाकर 65,551अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा एशियाई बाजारों में स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स आज मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 3.13 अंक यानी 0.06 प्रतिशत उछल कर 5,443.40 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स आज तगड़ी मजबूती के मूड में है और फिलहाल यह 287.28 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,350 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
ताइवान वेटेड इंडेक्स में भी आज खरीदारी का माहौल बना हुआ है और अभी यह सूचकांक 261.04 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ 47,230.91 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी आज अच्छी मजबूती नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 197.68 अंक यानी 3.56 प्रतिशत उछल कर 5,751.90 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 35.18 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,742.66 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक