ग्लोबल मार्केट से जबरदस्त कमजोरी के संकेत, एशिया में भी चौतरफा बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 04 मार्च (हि.स.)। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमला तेज करने तथा ईरान की ओर से जवाबी हमला शुरू करने की वजह से ग्लोबल मार्केट में डर का माहौल बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेशकों को डर है कि ये टकराव लंबे समय तक चल सकता है और इसकी वजह से पूरे क्षेत्र में अस्थिरता का माहौल बन सकता है। इस डर की वजह से ग्लोबल मार्केट से आज कमजोर संकेत मिल रहे हैं।
अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान कमजोरी का शिकार हो गए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ ही कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान जोरदार गिरावट के साथ बंद हुए। एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ते ही वॉल स्ट्रीट में बिकवाली का दबाव भी बढ़ गया है। ज्यादातर निवेशक स्टॉक मार्केट से अपनी पूंजी निकाल कर सुरक्षित विकल्पों की तलाश में जुट गए हैं, जिसकी वजह से डाउ जॉन्स पिछले सत्र के दौरान 1.80 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.96 प्रतिशत टूट कर 6,815.63 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 229.77 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,519.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 167.75 अंक यानी 0.35 प्रतिशत फिसल कर 48,333.52 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 295.98 अंक यानी 2.82 प्रतिशत लुढ़क कर 10,484.13 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 290.48 अंक यानी 3.58 प्रतिशत टूट कर 8,103.84 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 847.35 अंक यानी 3.56 प्रतिशत फिसल कर 23,790.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशिया में भी आज चौतरफा बिकवाली का दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के सभी नौ बाजार बड़ी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 533.50 अंक यानी 2.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,457 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 723.08 अंक यानी 2.81 प्रतिशत टूट कर 25,045 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स आज बड़ी गिरावट का शिकार हो गया है। फिलहाल यह सूचकांक 468.45 अंक यानी 8.09 प्रतिशत लुढ़क कर 5,323.46 अंक के स्तर तक गिर गया है।
इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 86.15 अंक यानी 5.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,380.36 अंक के स्तर तक आ गया है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,307.20 अंक यानी 3.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 33,016.45 अंक के स्तर पर, निक्केई इंडेक्स 2,044.05 अंक यानी 3.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 54,235 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 223.68 अंक यानी 2.82 प्रतिशत फिसल कर 7,716.09 अंक के स्तर पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 109.95 अंक यानी 2.24 प्रतिशत लुढ़क कर 4,806.70 के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.43 प्रतिशत टूट कर 4,063.5 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक