ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

 


नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बड़ी गिरावट का शिकार हो गए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। वहीं एशिया में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा टैरिफ को लेकर दी गई धमकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बढ़ती चिंता की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ को लेकर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एक बार फिर दुनिया के तमाम देशों के नाम चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर कोई भी देश अमरीकी सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर का फायदा उठाना चाहेगा, तो उस पर पहले से भी अधिक टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप की इस धमकी के कारण अमेरिकी बाजार गिरावट का शिकार हो गए।

डाउ जॉन्स पिछले सत्र के दौरान 800 अंक से अधिक टूट गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 1.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,837.75 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं नैस्डेक 277.13 अंक यानी 1.21 प्रतिशत टूट कर 22,608.94 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 92.54 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 48,896.60 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पर भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स पूरे सत्र के दौरान सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद 0.02 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 10,684.74 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.22 प्रतिशत लुढ़क कर 8,497.17 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 268.72 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 24,991.97 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। निक्केई इंडेक्स 546.30 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,372 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,129.78 अंक के स्तर पर पहुंच गया है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 879.11 अंक यानी 2.60 प्रतिशत उछल कर 34,652.37 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 98.69 अंक यानी 1.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,944.78 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 139.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,582.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.70 प्रतिशत टूट कर 5,005.98 अंक के स्तर तक गिर गया है। हैंग सेंग इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 539.91 अंक यानी 1.99 प्रतिशत लुढ़क कर 26,542 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.74 प्रतिशत फिसल कर 1,469.23 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,376 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक