ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे थे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स साेमवार काे गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के ईरानी प्रस्ताव को खारिज कर दिए जाने के कारण दुनिया के ज्यादातर शेयर बाजारों में आज दबाव का रुख बन गया है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती दिखाने में सफल रहे थे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.51 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,743.41 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह नैस्डेक ने 129.34 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ 27,068.72 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया था। हालांकि, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 180.38 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 51,648.24 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजार पिछले क्षेत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए थे। लंदन स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से एफटीएसई इंडेक्स में कोई हलचल नहीं हुई थी। वहीं सीएसी इंडेक्स 0.04 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 8,077.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स ने 142.11 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,408.64 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया।
वहीं, एशियाई बाजार में आज आमतौर पर दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से ताइवान वेटेड इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं हो रही है। एशियाई बाजार में हैंग सेंग इंडेक्स 148.91 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,659 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.64 प्रतिशत उछल कर 5,747.40 अंक के स्तर पर आ गया है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.22 प्रतिशत लुढ़क कर 23,138.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 129.20 अंक यानी 0.19 प्रतिशत फिसल कर 66,235 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 168.45 अंक यानी 2.38 प्रतिशत टूट कर 6,912.47 अंक के स्तर पर आ गया है।
शंघाई कंपोजिट इंडेक्स ने भी आज जबरदस्त गोता लगाया है। यह सूचकांक 69.26 अंक यानी 1.78 प्रतिशत गिर कर 3,819.11 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.88 प्रतिशत फिसल कर 6,187.06 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,604.02 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक