ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर बिकवाली होती हुई नजर आ रही है।
बॉन्ड यील्ड में उछाल आने की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। पूरे सत्र में दबाव के साथ कारोबार करने के बाद डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.70 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,706.39 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं नैस्डेक 308.24 अंक यानी 1.13 प्रतिशत टूट कर 26,936.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 91.97 अंक यानी 0.18 प्रतिशत फिसल कर 51,419.62 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिकी बाजार की तरह ही यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 10,705.26 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,123.41 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 168.22 अंक यानी 0.66 प्रतिशत लुढ़क कर 25,410.63 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया।
एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बना हुआ है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज में हार्वेस्ट फेस्टिवल चूसोक की छुट्टी होने की वजह से कोस्पी इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं हो रही है। एशियाई बाजार में इकलौता निक्केई इंडेक्स 646.05 अंक यानी 0.99 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 65,665 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 211.50 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,234 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स भी 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,317.53 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स पर भी आज दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 0.93 प्रतिशत टूट कर 3,900 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 143.12 अंक यानी 0.58 प्रतिशत फिसल कर 24,691 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 173.45 अंक यानी 0.36 प्रतिशत लुढ़क कर 47,983.84 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,606.69 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,702.18 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक