ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी होती रही। वहीं एशियाई बाजार आज दबाव में कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।
अमेरिका में चिप कंपनियों के शेयरों में हुई बिकवाली की वजह से पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट के कारोबार में दबाव बना रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 7,413.18 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत नैस्डेक ने 0.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,932.08 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 52,196.36 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.42 प्रतिशत उछल कर 10,781.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.40 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,406.06 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 262.03 अंक यानी 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,361.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज चौतरफा बिकवाली हो रही है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। वहीं थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई कारोबार नहीं हो रहा है। गिफ्ट निफ्टी आज फिलहाल 0.16 प्रतिशत टूट कर 24,002.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.21 प्रतिशत लुढ़क कर 5,608.48 अंक के स्तर पर आ गया है।
अमेरिकी चिप कंपनियों के शेयर में हुई जोरदार बिकवाली का असर आज दक्षिण कोरिया के स्टॉक मार्केट में भी नजर आ रहा है। दक्षिण कोरिया स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक कोस्पी आज फिलहाल 692.60 अंक यानी 10.25 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 6,063.15 अंक के स्तर पर आ गया है। टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में भी आज बिकवाली का जबरदस्त दबाव बना हुआ है, जिसकी वजह से निक्केई इंडेक्स 2,611.19 अंक यानी 4.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 62,320 अंक के स्तर तक गिर गया है।
इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,609.79 अंक यानी 3.69 प्रतिशत लुढ़क कर 42,024.40 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.98 प्रतिशत फिसल कर 3,820.52 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,181.10 अंक के स्तर पर और हैंग सेंग इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,192 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक