ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव

 


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमले की खबर की वजह से ग्लोबल मार्केट में एक बार फिर निराशा का माहौल बन गया है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव में कारोबार करते रहे। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली होती हुई नजर आ रही है।

ईरान द्वारा अमेरिका के अपाचे चॉपर को मार गिराने और खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने की खबर की वजह से वॉल स्ट्रीट में पिछले सत्र के दौरान दबाव का माहौल बना रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,386.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 250.84 अंक यानी 0.97 प्रतिशत टूट कर 25,678.82 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 106.44 अंक यानी 0.21 प्रतिशत फिसल कर 50,765.67 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 145.87 अंक यानी 1.43 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 10,227.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स ने 183.16 अंक यानी 0.75 प्रतिशत लुढ़क कर 24,433.06 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 8,203.43 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। एशियाई बाजार में गिफ्ट निफ्टी 145.50 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,330 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 86.12 अंक यानी 1.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,832.77 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 886.63 अंक यानी 1.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 64,530 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.04 प्रतिशत फिसल कर 4,970.90 अंक के स्तर तक गिर गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 348.01 अंक यानी 4.30 प्रतिशत फिसल कर 7,748.92 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 614.16 अंक यानी 1.37 प्रतिशत टूट कर 44,090.28 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 303.90 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,262 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.64 प्रतिशत लुढ़क कर 1,574.01 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,986.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक