ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका और इजरायल के बीच शांति वार्ता विफल हो जाने के कारण ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को अमेरिकी और यूरोपीय बाजार मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए थे। लेकिन अब शांति वार्ता विफल हो जाने के कारण बाजार ग्लोबल मार्केट में दबाव बन गया है। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स बड़ी गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए पाकिस्तान में होने वाली शांति वार्ता को लेकर बने सस्पेंस के बीच अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स पिछले सत्र के दौरान 0.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,816.89 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। इसके विपरीत नैस्डेक ने 0.35 प्रतिशत उछल कर 22,902.89 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया था। हालांकि अब शांति वार्ता के विफल हो जाने के बाद डाउ जॉन्स फ्यूचर्स बड़ी गिरावट का शिकार हो गया है। फिलहाल यह सूचकांक 344.57 अंक यानी 0.72 प्रतिशत टूट कर 47,570 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिकी बाजार की तरह ही यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 10,600.53 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स ने 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक गिरावट के साथ 23,803.95 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, सीएसी इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,259.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए पाकिस्तान में हुई शांति वार्ता के विफल हो जाने के कारण एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर दबाव बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बना हुआ है। थाईलैंड स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने के कारण सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं हो रही है। एशियाई बाजार में इकलौता ताइवान वेटेड इंडेक्स आज फिलहाल 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 35,428.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 442.50 अंक यानी 1.84 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 23,649 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 74.50 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 5,784.37 अंक के स्तर तक गिर गया है। निक्केई इंडेक्स में भी आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 594.11 अंक यानी 1.04 प्रतिशत फिसल कर 56,330 अंक के स्तर तक आ गया है।
इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 261.54 अंक यानी 1.01 प्रतिशत लुढ़क कर 25,632 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,969.78 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,979.26 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.07 प्रतिशत टूट कर 7,453.13 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक