गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 2.41 लाख करोड़ की चपत

 


नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। दिन के कारोबार में खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने निचले स्तर से शानदार रिकवरी की। सेंसेक्स निचले स्तर से 875 अंक और निफ्टी निचले स्तर से 255 अंक से अधिक उछलने में सफल रहे। हालांकि दोपहर एक बजे के बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से ये दोनों सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.20 प्रतिशत और निफ्टी 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, मीडिया और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों की खरीदारी होती रही। दूसरी ओर, आईटी, रियल्टी और एनर्जी सेक्टर के शेयरों की लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, मेटल, ऑयल एंड गैस, टेक और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.81 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब ढाई लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 452.57 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 454.98 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.41 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,389 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,384 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,807 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 198 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,998 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 772 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2226 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 9 शेयर बढ़त के साथ और 21 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 367.19 अंक की कमजोरी के साथ 73,615.99 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक 464.43 अंक की गिरावट के साथ 73,518.75 अंक के स्तर तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 875.59 अंक उछल कर 411.16 अंक की मजबूती के साथ 74,394.34 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 561.79 अंक टूट कर 150.63 अंक की गिरावट के साथ 73,832.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 110.55 अंक लुढ़क कर 23,104.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से यह सूचकांक 142.90 अंक गिर कर 23,072.05 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों में लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा।

बाजार में लगातार हो रही खरीदारी के कारण दोपहर एक बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 255.40 अंक रिकवर कर 112.50 अंक की तेजी के साथ 23,327.45 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 165.85 अंक फिसल कर 53.35 अंक की कमजोरी के साथ 23,161.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आईसीआईसीआई बैंक 1.83 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.64 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 1.35 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 0.98 प्रतिशत और ग्रासिम इंडस्ट्रीज 0.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंफोसिस 2.68 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.93 प्रतिशत, एटरनल 1.92 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 1.87 प्रतिशत और ट्रेंट लिमिटेड 1.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक