कच्चे तेल की आंच में झुलसा घरेलू शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 8.77 लाख करोड़ रुपये की चपत

 


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई जोरदार तेजी, पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता विफल होने के बाद एक बार फिर बढ़ते तनाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली की वजह से आज का दिन घरेलू शेयर बाजार के लिए ब्लैक मंडे बन गया। आज के कारोबार में सेंसेक्स 1,179 अंक तक फिसल गया। इसी तरह निफ्टी भी 378 अंक तक लुढ़क गया। आज की गिरावट के कारण सेंसेक्स 73 हजार अंक के स्तर से भी नीचे आ गया। इसी तरह निफ्टी भी 23 हजार अंक के स्तर से लुढ़कते हुए 22,800 अंक से भी नीचे पहुंच गया। बाजार में मची बिकवाली की आंधी की वजह से बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज पौने नौ लाख रुपये से भी ज्यादा घट गया।

आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। हालांकि, दिन के दूसरे सत्र की शुरुआत में खरीदारों ने कुछ देर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि उनकी कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.52 प्रतिशत और निफ्टी 1.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 160.91 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,734.83 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की स्थिति कमजोर होती चली गई। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 1,179.51 अंक यानी 1.60 प्रतिशत टूट कर 72,716.23 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि, आखिरी आधे घंटे के कारोबार में हुई मामूली खरीदारी के कारण सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से सांकेतिक रिकवरी कर 1,124.02 अंक यानी 1.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,771.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 75.60 अंक यानी 0.33 प्रतिशत फिसल कर 23,064.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 15 अंक की रिकवरी कर 23,080.25 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके तुरंत बाद बाजार में जोरदार बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक 378.30 अंक यानी 1.63 प्रतिशत लुढ़क कर 22,762.20 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 18 अंक सुधर कर 360.25 अंक यानी 1.56 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,780.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान पीएसयू बैंकों के शेयरों की बाजार में लगातार बिक्री होती रही। इस बिकवाली के कारण निफ्टी का बैंक इंडेक्स 1.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह कैपिटल गुड्स इंडेक्स दो प्रतिशत, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स 1.91 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस इंडेक्स 1.77 प्रतिशत, मेटल इंडेक्स 1.65 प्रतिशत, ऑटोमोबाइल इंडेक्स 1.64 प्रतिशत और एफएमसीजी इंडेक्स 1.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। इसी तरह, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, हेल्थकेयर, रियल्टी और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई जबरदस्त कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने नौ लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 474.48 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 483.25 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 8.77 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,717 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,359 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,106 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 252 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,276 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 694 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,582 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ एक शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ और 29 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसी तरह निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से भी सिर्फ दो शेयर हरे निशान में, जबकि 48 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिर्फ डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज के शेयर 1.67 प्रतिशत और इंफोसिस के शेयर 0.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, टीएमपीवी तीन प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.93 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 2.86 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 2.83 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स के शेयर 2.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक