एससी एग्रोटेक: एक साल में 172 प्रतिशत का मल्टीबैगर रिटर्न, अब बोनस और स्टॉक स्प्लिट की तैयारी
नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। कृषि क्षेत्र से जुड़ी स्मॉल-कैप कंपनी एससी एग्रोटेक लिमिटेड के शेयर इन दिनों घरेलू शेयर बाजार में निवेशकों के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बने हुए हैं। पिछले नौ दिन से ये शेयर लगातार अपर सर्किट पर बंद हो रहा है। पिछले 12 महीनों के दौरान इस शेयर ने 172.40 प्रतिशत का शानदार रिटर्न देकर स्मॉल-कैप सेगमेंट में एक बेहतरीन 'मल्टीबैगर' स्टॉक के रूप में अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में इस स्टॉक में आई तूफानी तेजी के चलते इसके शेयर 50 रुपये के स्तर के बेहद करीब पहुंच गए हैं। आज इस कंपनी के शेयर की कीमत इंट्रा-डे कारोबार के दौरान 46.58 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गई। इस शेयर की चाल में आई इस जोरदार तेजी के कारण सिर्फ एक साल की अवधि में ही कंपनी के निवेशकों की शेयर पूंजी 2.72 गुना बढ़ गई है।
कंपनी के फाइनेंशियल्स पर ध्यान दें तो कंपनी के इस शेयर में पिछले कुछ दिनों के भीतर आई हालिया तेजी बेहद चौंकाने वाली रही है। पिछले महीने 23 अक्टूबर को कंपनी का शेयर 30.88 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था, जो लगातार अपर सर्किट लगने के कारण चार नवंबर को सिर्फ आठ कारोबारी दिन में ही 44 प्रतिशत की छलांग लगा कर 44.37 रुपये पर पहुंच गया। इस शेयर ने आज भी अपर सर्किट के साथ 46.58 रुपये के स्तर पर कारोबार का अंत किया। इस तरह 23 अक्टूबर की क्लोजिंग के मुकाबले इस स्टॉक ने लगभग 51 प्रतिशत की बंपर बढ़त हासिल कर ली है।
इस कारोबारी उत्साह के बीच एससी एग्रोटेक ने अपने शेयरधारकों के लिए तीन बड़े कॉर्पोरेट एक्शन करने के संकेत दिए हैं। कंपनी आगामी 13 नवंबर 2026 को होने वाली अपने निदेशक मंडल की बैठक में स्टॉक स्प्लिट (शेयर विभाजन), 4:5 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने और 100 प्रतिशत तक का लाभांश देने के प्रस्तावों पर विचार करने जा रही है। हालांकि, इन प्रस्तावों को अभी स्टॉक एक्सचेंज की तरफ से आधिकारिक मंजूरी और पुष्टि मिलना बाकी है। यदि यह स्टॉक स्प्लिट और बोनस शेयर का प्रस्ताव पूरी तरह मंजूर हो जाता है तो खुदरा शेयरधारकों की शेयरों की संख्या में 18 गुना तक की बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार अगर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में ये प्रस्ताव मंजूर हो जाता है तो जिस किसी भी निवेशक के पास कंपनी के 100 शेयर होंगे, वे 10:1 के अनुपात में स्प्लिट होने के बाद दस गुना बढ़ कर 1,000 हो जाएंगे। इसके साथ यदि प्रस्ताव के तहत 4:5 के अनुपात में बोनस शेयर भी लागू होते हैं तो बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के 800 और शेयर जुड़ जाएंगे, जिससे कुल शेयरों की संख्या बढ़कर 1,800 हो जाएगी। यानी शेयरों की संख्या कुल 18 गुना बढ़ सकती है, लेकिन इसके साथ ही शेयर की बाजार कीमत भी उसी अनुपात में कम हो जाएगी, जिससे निवेशक की कुल होल्डिंग का असल मूल्य अपने आप नहीं बढ़ेगा। इसके अलावा, कंपनी वर्तमान में 10 रुपये की फेस वैल्यू पर 100 प्रतिशत यानी प्रति शेयर 10 रुपये का लाभांश देने पर भी विचार कर रही है, जो कंपनी के पास उपलब्ध नकदी और अंतिम मंजूरी पर निर्भर करेगा।
शेयर बाजार में कंपनी के इस धमाकेदार प्रदर्शन को उसके ऑपरेशंस और वित्तीय नतीजों में आए शानदार सुधार से काफी सपोर्ट मिला है। सितंबर 2026 को समाप्त हुई चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू वार्षिक आधार पर लगभग 802 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 5.02 करोड़ रुपये से बढ़कर 45.26 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) पिछले साल की समान तिमाही के 21.21 लाख रुपये के मुकाबले लगभग 48 गुना बढ़कर 10.21 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के आंकड़े भी इसी तरह के मजबूत प्रदर्शन की गवाही देते हैं, जहां कंपनी का कुल हाफ इयरली रेवेन्यू पिछले साल के 7.15 करोड़ रुपये से बढ़कर 83.11 करोड़ रुपये रहा है। इसी तरह शुद्ध लाभ 23.17 लाख रुपये से करीब 85 गुना की भारी-भरकम बढ़त के साथ 19.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
अपने पारंपरिक कृषि कारोबार के अलावा, कंपनी ने हाल ही में 'एग्रीब्रिज' नामक नया डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म लॉन्च करके आधुनिक कृषि व्यापार के क्षेत्र में कदम रखा है, जो 4 नवंबर से इंटरनेट पर उपलब्ध हो चुका है। यह प्लेटफॉर्म किसानों, कृषि आपूर्तिकर्ताओं और बड़े संस्थागत खरीदारों को एक मंच पर लाकर उपज की लिस्टिंग, कोटेशन और लेनदेन प्रबंधन को आसान बनाएगा। कंपनी के अनुमान के मुताबिक, यदि इस डिजिटल मार्केट प्लेस को बड़े पैमाने पर अपनाया जाता है तो यह कमाई का एक बड़ा जरिया बन सकता है। इसके अलावा, कंपनी ने 'एससी केयरओसिस हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड' नामक एक नई स्वास्थ्य सेवा सहायक कंपनी (हेल्थकेयर सब्सिडियरी) शुरू करके अपने व्यापारिक विस्तार की नई रणनीति का खुलासा किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक