उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को एक दिन में 3.54 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा

 


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में नरमी का संकेत मिलने और कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आने से उत्साहित घरेलू शेयर बाजार सोमवार को मजबूती के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद पूरे दिन लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। राहत की बात यही रही कि बार-बार बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करते रहे। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स 0.38 प्रतिशत और निफ्टी 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के ज्यादातर सेक्टर मजबूती के साथ हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। आज के कारोबार में हेल्थ केयर, कैपिटल गुड्स और आईटी सेक्टर के शेयरों की जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।

इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया। आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 480.50 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 476.96 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.54 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,586 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,635 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,754 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 197 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,031 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,929 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,102 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर बढ़त के साथ और 12 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 357.77 अंक की मजबूती के साथ 77,160.67 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 522.66 अंक उछल कर 77,325.56 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर यह फिसल कर 77,008.02 अंक तक गिर भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 291.17 अंक की तेजी के साथ 77,094.07 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 93.50 अंक उछल कर 24,106.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की होड़ शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल ऊपर नीचे होने लगी। लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी 154.95 अंक की मजबूती के साथ 24,168.05 अंक के स्तर तक पहुंचा। बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 24,073.15 अंक तक गिर भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 89.80 अंक की बढ़त के साथ 24,102.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिप्ला 4.73 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.82 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.46 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 1.34 प्रतिशत और इंफोसिस 1.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एशियन पेंट्स 2.16 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 1.07 प्रतिशत, नेस्ले 0.91 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 0.90 प्रतिशत और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक