उतार-चढ़ाव के बीच कमजोरी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स ने निचले स्तर से की 995 अंक तक की रिकवरी
- बाजार की गिरावट के बावजूद ब्रॉडर मार्केट की तेजी से निवेशकों ने कमाए 12.04 लाख करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। एशिया के ज्यादातर स्टॉक मार्केट में रौनक रहने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार खींचतान का माहौल बना रहा। आईटी सेक्टर के शेयरों में हो रही जोरदार बिकवाली और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आए उछाल की वजह से बने दबाव और निचले स्तर पर हो रही वैल्यू बाइंग की रस्साकसी के कारण शेयर बाजार में आज दिनभर उतार-चढ़ाव होता रहा। इस उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स 995 अंक से ज्यादा टूट गया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 280 अंक से ज्यादा लुढ़क गया। हालांकि बॉटम लेवल पर पहुंचने के बाद हुई खरीदारी के सपोर्ट से दोनों सूचकांक निचले स्तर से काफी हद तक रिकवरी करने में सफल रहे। इस रिकवरी के बावजूद दोनों सूचकांक लाल निशान में ही बंद हुए।
कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी और आईटी सेक्टर के भारी दबाव की वजह से आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ लाल निशान में हुई थी। पहले घंटे के कारोबार में ही बिकवाली का ऐसा जोर बना कि घरेलू मार्केट में हाहाकार मच गया। इस बिकवाली के कारण दोनों सूचकांक भारी गिरावट के साथ आज के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। इसके बाद निचले स्तर पर खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली का जोर बनाया, जिससे बाजार शुरुआती झटके से उबर कर काफी हद तक रिकवरी करने में सफल रहा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी कुछ देर के लिए हरे निशान में भी पहुंचा। इसी तरह सेंसेक्स भी हरे निशान के काफी करीब पहुंच गया।
कारोबार के आखिरी सत्र में एक बार फिर बिकवाली का दबाव हावी हो गया, जिसके कारण दोनों सूचकांक अपनी रिकवरी को बरकरार नहीं रख सके। अंतिम घंटे में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स 0.48 प्रतिशत और निफ्टी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, पूरे दिन के कारोबार के दौरान ब्रॉडर मार्केट (स्मॉलकैप और मिडकैप) में हुई जोरदार खरीदारी के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में आज 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भारी-भरकम बढ़ोतरी हो गई।
बीएसई का सेंसेक्स आज 345.23 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,253.44 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव इतना बढ़ गया कि इंट्रा-डे में यह सूचकांक 995.10 अंक यानी 1.35 प्रतिशत टूट कर 72,603.57 अंक के निचले स्तर तक आ गिरा। इसके बाद खरीदारों ने मोर्चा संभालते हुए चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।
खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक निचले स्तर से 921.87 अंक रिकवर होकर 73,525.44 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद दिन के दूसरे सत्र में बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया। इस दबाव की वजह से सेंसेक्स की कमजोरी एक बार फिर बढ़ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद ये सूचकांक 352.64 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,246.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 71.75 अंक यानी 0.32 प्रतिशत टूट कर 22,678 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इंट्रा-डे में यह सूचकांक 252.05 अंक लुढ़क कर 22,497.70 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। इसके बाद शॉर्ट कवरिंग और वैल्यू बाइंग के दम पर खरीदारों ने दोबारा लिवाली का जोर बनाया, जिससे निफ्टी शानदार रिकवरी दिखाते हुए निचले स्तर से 280.35 अंक उछल कर 28.30 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ दिन के ऊपरी स्तर 22,778.05 अंक तक पहुंचने में सफल रहा।
हालांकि, इस सूचकांक की ये तेजी आखिरी सत्र में टिक नहीं सकी। आखिरी एक घंटे के कारोबार में बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे यह सूचकांक दोबारा लुढ़कते हुए नीचे जाने लगा। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 79.20 अंक फिसल कर सिर्फ 50.90 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज करते हुए 22,698.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी और एफएमसीजी इंडेक्स को छोड़ कर बाकी ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। निफ्टी के आईटी इंडेक्स पर आज बिकवाली की सबसे ज्यादा मार पड़ी, जिसके कारण यह सूचकांक करीब 1.98 प्रतिशत कमजोर होकर बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी के एफएमसीजी इंडेक्स ने भी 0.56 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
दूसरी ओर, आज ऑटो और फार्मा सेक्टर में सबसे अधिक खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 1.45 प्रतिशत मजबूत हो गया। इसी तरह खरीदारी के मजबूत सपोर्ट से निफ्टी का फार्मा इंडेक्स 1.04 प्रतिशत और निफ्टी का बैंक इंडेक्स 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। इसके अलावा हेल्थकेयर और मेटल इंडेक्स में भी मिला-जुला सुधार देखा गया।
बाजार के चुनिंदा शेयरों में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी पर तो लगातार दबाव बना रहा लेकिन ब्रॉडर मार्केट में आज लगातार खरीदारी होती रही। इस खरीदारी के कारण बाजार में जबरदस्त रौनक का भी माहौल बना रहा। खरीदारी के दमदार सपोर्ट से निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स आज 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी के स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने भी आज 0.90 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आने के बावजूद ब्रॉडर मार्केट और नए लिस्ट हुए शेयरों की तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 12 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का बड़ा इजाफा हो गया। बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़कर 4,72,62,862.46 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी 27 अक्टूबर को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,60,58,303.18 करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबारी सत्र से करीब 12,04,559.28 करोड़ रुपये का तगड़ा मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई पर कुल 4,555 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,245 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए, जबकि 2,079 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 231 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इस तेजी के माहौल में आज 81 शेयर अपने एक साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गए, जबकि 222 शेयर गिर कर अपने एक साल के निचले स्तर पर आ गए। इसके अलावा आज के कारोबार में 10 शेयरों में आज अपर सर्किट लगा, जबकि 40 शेयर लोअर सर्किट पर सिमट कर बंद हुए। वहीं एनएसई पर आज कुल 3,257 शेयरों मे एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें अगर एडवांस-डिक्लाइन रेशियो की बात करें तो एनएसई पर 1,741 शेयर बढ़त के साथ और 1,516 शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 9 शेयर बढ़त के साथ और 21 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 28 शेयर हरे निशान में और 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल 4.43 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) 3.72 प्रतिशत, ट्रेंट 3.31 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.06 प्रतिशत और इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 2.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बिकवाली के भारी दबाव के चलते इन्फोसिस 3.43 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.19 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.16 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.92 प्रतिशत और भारती एयरटेल 1.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में सिमट कर बंद हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक