उतार चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों ने की 1.08 लाख करोड़ की कमाई
नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज दिनभर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद से ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई। दिन के पहले सत्र में तेजड़िये हावी होते रहे, वहीं दूसरे सत्र में मंदड़ियों ने अपना जोर बना दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी ने 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, ऑयल एंड गैस और पीएसयू बैंक सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। इसके अलावा फार्मास्यूटिकल, टेलीकॉम, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, मेटल, आईटी, कैपिटल गुड्स और टेक इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर मीडिया, पावर और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। इसके अलावा एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में मिडकैप शेयरों में हुई खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 468.46 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 467.38 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,356 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,170 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,030 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 156 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,921 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,481 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,440 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर बढ़त के साथ और 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 142.71 अंक की मजबूती के साथ 82,418.78 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 11:30 बजे के करीब सेंसेक्स 303.09 अंक की बढ़त के साथ 82,579.16 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 608.69 अंक टूट कर 305.60 अंक की कमजोरी के साथ 81,970.47 अंक के स्तर तक गिर गया। कारोबार के आखिरी घंटे में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से यह सूचकांक निचले स्तर से 278.14 अंक की रिकवरी कर 27.46 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 82,248.61 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 73.80 अंक उछल कर 25,556.30 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 90.45 अंक की तेजी के साथ 25,572.95 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी ऊपरी स्तर से 172 अंक लुढ़क कर 81.55 अंक की गिरावट के साथ 25,400.95 अंक के स्तर तक आ गया। दोपहर 2:30 बजे के बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी निचले स्तर से 95.60 अंक सुधर कर 14.05 अंक की मजबूती के साथ 25,496.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीएमपीवी 2.54 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 2.27 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.22 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर दो प्रतिशत और श्रीराम फाइनेंस 1.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर ट्रेंट लिमिटेड 1.68 प्रतिशत, एटरनल 1.48 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.30 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.16 प्रतिशत और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक