आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के सपोर्ट से बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगा 1.87 लाख करोड़ का चूना

 




नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। दिन भर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के कारण मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में लगातार उतार चढ़ाव होने लगा। इस उतार-चढ़ाव में ज्यादातर समय मंदड़ियों का पलड़ा भारी रहा।

हालांकि आखरी 5 मिनट के कारोबार में हुई जोरदार लिवाली के कारण तेजड़ियों ने मंदड़ियों को पीछे छोड़ दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी 0.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के कारण शेयर बाजार आज मजबूती के साथ बंद होने में जरुर सफल रहा, लेकिन ब्रॉडर मार्केट में लगातार बिकवाली का दबाव बने रहने की वजह से निवेशकों को आज एक दिन में ही 1.87 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 21.69 अंक यानी 0.03 प्रतिशत कि मामूली कमजोरी के साथ 74,742.54 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स थोड़ी देर में ही 146.73 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की तेजी का साथ 74,910.96 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद बाजार पर बिकवाल हावी हो गए।

लगातार हो रही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 312.49 अंक लुढ़क कर 165.76 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,598.47 अंक के स्तर तक गिर गया। बाजार में लंबे समय तक इसी स्तर के करीब मामूली उतार चढ़ाव के साथ कारोबार होता रहा। हालांकि दिन के आखिरी वक्त में हुई तेज खरीदारी के कारण यह सूचकांक लाल निशान से रिकवर कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 138.36 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,902.59 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 15.10 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,446.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले 10 मिनट में ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक 63.45 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,494.95 अंक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि ये तेजी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। इसके बाद बाजार में शेयरों की बिक्री शुरू हो गई। बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 114.85 अंक का गोता लगा कर 51.40 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,380.10 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि आखिरी 5 मिनट के कारोबार में हुई जोरदार खरीदारी के कारण निफ्टी 46.30 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,477.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान मीडिया और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों की ठीक-ठाक खरीदारी होती रही। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, मेटल, ऑटोमोबाइल और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह आईटी, कैपिटल गुड्स और एफएमसीजी इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.38 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,527 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,926 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,409 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 192 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,240 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,238 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,002 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 15 शेयर बढ़त के साथ और 15 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी लाइफ 2.36 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 2.22 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.39 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.34 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 1.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.85 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.26 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.04 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 0.89 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.83 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक