श्रमिक कल्याण और औद्योगिक विकास राष्ट्रीय प्रगति के रथ के दो पहिए: मांडविया

 






नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि श्रमिक कल्याण और औद्योगिक विकास, राष्ट्रीय प्रगति के रथ के दो पहिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक कल्याण और उद्योगों की प्रगति एक-दूसरे के पूरक हैं।

डॉ. मांडविया ने गुजरात के गांधीनगर में दो दिवसीय चिंतन शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारियों का कल्याण और औद्योगिक विकास देश की प्रगति के दो सबसे अहम स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि भारत के विकास और आर्थिक वृद्धि के लिए उद्योगों को मजबूत करना और साथ ही श्रमिकों के हितों की रक्षा करना बहुत जरूरी है।

श्रम मंत्री ने 'विकसित भारत' की ओर भारत की यात्रा में श्रम संहिताओं को लागू किए जाने को एक अहम पड़ाव बताते हुए कहा कि यह कोड न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा के विस्तार और निश्चित अवधि के रोजगार जैसे प्रावधान सुनिश्चित करते हैं। साथ ही, ये उद्योगों पर अनुपालन के बोझ को कम करते हैं और विकास को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में सामाजिक सुरक्षा कवरेज का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है, जो 2014 के 25 करोड़ से बढ़कर 2026 में 101 करोड़ हो गया है।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र की सह-अध्यक्षता डॉ. मांडविया और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने की। इसमें श्रम एवं रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे के साथ-साथ विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के श्रम, रोजगार एवं उद्योग मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर