लगातार तीसरे महीने थोक महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 12.29 फीसदी पर आई
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। महंगाई के र्मोचे पर आम आदमी को झटका लगने वाली खबर है। ईंधन एवं बिजली, खाद्य पदार्थों, खनिजों और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से लगातार तीसरे महीने थोक महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 12.29 फीसदी पर पहुंच गई है, जो सितंबर 2026 में 11.39 फीसदी रहीं। खाद्य पदार्थों की महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 8.26 फीसदी रही, जो पिछले अक्टूबर महीने 8.14 फीसदी थी।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार गैर-खाद्य वस्तुओं की महंगाई पिछले महीने अक्टूबर में 11.69 फीसदी रही, जबकि सितंबर में यह 10.28 फीसदी थी। इसके साथ ही खनिजों में कीमतों में वृद्धि की दर 12.64 फीसदी रही, जो सितंबर में 9.51 फीसदी थी। मंत्रालय के मुताबिक कुल मिलाकर प्राथमिक वस्तुओं की श्रेणी में थोक महंगाई अक्टूबर में बढ़कर 9.24 फीसदी हो गई, जो सितंबर महीने में 8.67 फीसदी रहीं थी। इसके अलावा ईंधन एवं बिजली की महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 32.84 फीसदी हो गई, जो पिछले महीने सितंबर में 25.85 फीसदी रही थी। इसके साथ ही विनिर्मित वस्तुओं की महंगाई 9.54 फीसदी रही, जबकि सितंबर में यह 9.76 फीसदी थी।
मंत्रालय के मुताबिक अक्टूबर में थोक महंगाई बढ़ने की प्रमुख वजहों में खनिज तेल (पेट्रोलियम उत्पादों सहित), कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस, बिजली, खाद्य पदार्थ, बुनियादी धातुओं का विर्माण, रसायन एवं रासायनिक उत्पादों का विनिर्माण, खाद्य उत्पादों का विनिर्माण, गैर-खाद्य वस्तुएं, कपड़ा विनिर्माण तथा रबर एवं प्लास्टिक उत्पादों का विनिर्माण शामिल हैं।
पिछले हफ्ते जारी आंकड़ों के अनुसार खुदरा महंगाई दर (सीपीआई) अक्टूबर में 6.09 फीसदी रही थी। ये दो साल में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ऊपरी तय सीमा से अधिक रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर