साप्ताहिक समीक्षाः उतार-चढ़ाव के बीच 7.79 प्रतिशत फिसला बिटकॉइन, एथेरियम में साप्ताहिक आधार पर 9 प्रतिशत की कमजोरी
नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। वैश्विक क्रिप्टोकरेंसी मार्केट के लिए पिछले सोमवार से रविवार तक का यह सप्ताह भारी उठापटक और गिरावट वाला साबित हुआ। अमेरिकी स्पॉट ईटीएफ से संस्थागत निवेशकों की लगातार निकासी, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति के संकेतों और लीवरेज पोजीशन की जबरन बिकवाली ने मार्केट सेंटिमेंट्स को कमजोर किया। इसके अलावा एनवीडिया सहित अमेरिकी टेक्नोलॉजी शेयरों में आई भारी गिरावट के कारण निवेशकों ने जोखिम भरे डिजिटल एसेट्स से पैसा निकाला, जिससे एक दिन में ही 1.8 अरब डॉलर तक के सौदे लिक्विडेट हो गए।
साप्ताहिक कारोबार के दौरान ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सप्ताह की शुरुआत में लगभग 2.2 से 2.3 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर मौजूद कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन शनिवार की बिकवाली के दौरान फिसल कर 2 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंच गया था। हालांकि आज सुबह निचले स्तरों पर हुई खरीदारी के बाद ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप संभल कर 2.14 से 2.15 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर लौट आया, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 28.15 प्रतिशत नीचे है।
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की साप्ताहिक चाल बेहद अस्थिर रही। सोमवार को 64,400 डॉलर से 65,000 डॉलर के स्तर के बीच कारोबार करने वाला बिटकॉइन सप्ताह के मध्य से बिकवाली के दबाव में आ गया। इस दबाव की वजह से ये आभासी मुद्रा शनिवार को 55,130 डॉलर के दो साल के निचले स्तर तक लुढ़क गई। हालांकि रविवार को निचले स्तर से शानदार रिकवरी करते हुए बिटकॉइन 60,810 डॉलर से 60,161 डॉलर के दायरे में पहुंच गया। आज की रिकवरी के बावजूद साप्ताहिक आधार पर बिटकॉइन में लगभग 7.79 प्रतिशत की गिरावट रही। पूरे सप्ताह के कारोबार के बाद बिटकॉइन का मार्केट कैप 1.19 ट्रिलियन डॉलर और बाजार हिस्सेदारी यानी डोमिनेंस 55.54 से 56.3 प्रतिशत के स्तर के बीच बनी रही।
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम को इस सप्ताह बिटकॉइन के मुकाबले अधिक नुकसान उठाना पड़ा। सप्ताह की शुरुआत में 1,800 डॉलर के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा एथेरियम लगातार सातवें सप्ताह फंड्स से हुई पूंजी निकासी के दबाव में 1,542.15 डॉलर के निचले स्तर तक फिसल गया। रविवार को हल्की रिकवरी के बाद यह 1,658.45 डॉलर के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जो साप्ताहिक आधार पर लगभग सात से नौ प्रतिशत की कमजोरी दर्शाता है। एथेरियम का इंडिविजुअल मार्केट कैप घट कर 198.17 अरब डॉलर रह गया है और इसकी बाजार हिस्सेदारी 9.55 प्रतिशत पर आ गई है।
टॉप 15 क्रिप्टो कॉइन्स के साप्ताहिक प्रदर्शन पर नजर डालें तो स्टेबल कॉइन्स को छोड़ कर लगभग सभी प्रमुख कॉइन्स लाल निशान में बंद हुए। बिनेंस कॉइन यानी बीएनबी साप्ताहिक गिरावट के बाद 540.02 डॉलर और रिपल यानी एक्सआरपी करीब पांच से दस प्रतिशत फिसल कर 0.89 से 0.98 डॉलर के दायरे में आ गया। इसी तरह सोलाना 67.92 से 72.83 डॉलर के स्तर पर कमजोर रहा, जबकि कार्डानो, डॉगकॉइन, चेनलिंक, एवलांच, मोनेरो, ट्रॉन और हाइपरलिक्विड में भी साप्ताहिक आधार पर चार से बारह प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, टेथर और यूएसडी कॉइन 0.999 डॉलर के स्तर पर स्थिर बने रहे।
बाजार के तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि सप्ताह के अंत में आई रिकवरी के बावजूद क्रिप्टो बाजार की चाल अभी नाजुक बनी हुई है। जानकारों के अनुसार बिटकॉइन के लिए 55,130 डॉलर का स्तर सबसे अहम सपोर्ट बना हुआ है, जबकि ऊपर की ओर 61,380 से 64,000 डॉलर के बीच मजबूत रेजिस्टेंस मौजूद है। इसी तरह एथेरियम के लिए 1,540 से 1,550 डॉलर का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट और 1,710 से 1,790 डॉलर का दायरा अगला बड़ा रेजिस्टेंस साबित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक