पश्चिम बंगाल में खुलेंगी सौ अमृत फार्मेसी, एचएलएल लाइफकेयर ने राज्य सरकार से किया करार
कोलकाता, 20 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में लोगों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए सौ अमृत फार्मेसी खोली जाएंगी। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन मिनीरत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने पश्चिम बंगाल सरकार के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है।
गुरुवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। एचएलएल के निदेशक (टीएंडओ) बेनी जोसेफ ने पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव नारायण निगम के साथ समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।
वर्तमान में पश्चिम बंगाल में छह अमृत फार्मेसी संचालित हैं। नए सौ केंद्र राज्य के सरकारी अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित किए जाएंगे। इन फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा उत्पाद किफायती कीमतों पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
15 अगस्त 2026 तक देश के 24 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में अमृत की कुल 280 फार्मेसी संचालित हो रही हैं। इन केंद्रों पर 6,500 से अधिक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद उपलब्ध हैं।
एएमआरआईटी यानी ‘अफोर्डेबल मेडिसिन्स एंड रिलायबल इम्प्लांट्स फॉर ट्रीटमेंट’ योजना की शुरुआत वर्ष 2015 में की गई थी। इसका क्रियान्वयन एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य मरीजों को आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा उत्पाद सस्ती कीमतों पर उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर