बिजनौर जिले में 15.40 करोड़ रुपये की लागत से हाेगा तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण

 


बिजनौर, 24 जून (हि.स.) | उत्तर प्रदेश जनपद बिजनौर के औद्योगिक विकास और आधारभूत ढांचे को नई ऊर्जा देने के लिए शासन स्तर पर एक बड़ा कदम उठाया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की 'औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना' के अंतर्गत बिजनौर जिले में 15.40 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा।

इन्वेस्ट यूपी द्वारा तैयार और जिलाधिकारी जसजीत कौर की संस्तुति से पास हुए इस मास्टर प्लान में जिले के चांदपुर, नगीना और नजीबाबाद क्षेत्रों में कुल 7.85 किलोमीटर लंबे मार्गों को संवारा जाएगा। इस रोडमैप का सीधा असर जिले में हुए 663.7 करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश पर पड़ेगा। इन मार्गों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण-से-हाईवे लिंक मजबूत होगा, जिससे फैक्ट्रियों तक कच्चा माल पहुंचने और तैयार माल बाहर मंडियों तक ले जाने की सप्लाई चेन काफी तेज हो जाएगी।

बिन्दल पेपर मिल मार्ग का होगा कायाकल्प

जिले के सबसे बड़े प्रोजेक्ट के तहत चांदपुर तहसील के चांगीपुर स्थित बिन्दल पेपर मिल्स के मार्ग को सिंगल लेन से सीधे स्टेट हाईवे (फोर लेन) में तब्दील किया जाएगा। गोहावर चौक केमरी शफुद्दीन रोड से चांदपुर पॉलिटेक्निक स्कूल तक 2.3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 4.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस क्षेत्र में पेपर मिल द्वारा 660 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश किया गया है, ऐसे में यह फोर लेन सड़क इस औद्योगिक इकाई के लिए माल ढुलाई का एक बेहद सुगम रास्ता तैयार करेगी।

नगीना में जिले का सबसे लंबा सड़क प्रोजेक्ट

बेवरेज उद्योग को रफ्तार देने के लिए नगीना में जिले का सबसे लंबा सड़क प्रोजेक्ट प्रस्तावित किया गया है। औरंगजेबपुर मोहम्मदाबाद हरेवली रोड पर हरेवली रोड रामलीला तिराहा से बेनीपुर गांव तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क का 10 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस इलाके में नगीना बेवरेजेज द्वारा 3.5 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। यह सड़क वर्तमान में सिंगल लेन ओडीआर है, जिसे संवारकर ट्रांसपोर्टेशन के लिए और भी अधिक सुलभ बनाया जाएगा।

नजीबाबाद में बिछेगा नई सड़क का जाल

कंस्ट्रक्शन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नजीबाबाद तहसील के गांव शाहनपुरा में रामपाल कंस्ट्रक्शन के समीप नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। शाहनपुरा गाटा 546 से विलेज कनेक्टिविटी रोड तक 0.55 किलोमीटर लंबी इस नई सड़क के निर्माण पर 1.10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस क्षेत्र में 0.2 करोड़ रुपये के निवेश के साथ यूनिट चालू है और नई सड़क बनने से यहां परिवहन के नए रास्ते खुलेंगे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र