श्री राम गंभीर कस्तूरी लाल अब्बी ग्रुप आफ कॉलेजेज की जांच के आदेश

 


बिजनौर, 17 सितम्बर (हि.स.)। श्रीराम गंभीर कस्तूरी लाल अब्बी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, ग्राम बल्दिया, बिजनौर को लेकर की गई शिकायत के आधार पर मंडलायुक्त मुरादाबाद मंडल ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारी बिजनौर को दिए हैं। यह प्रकरण कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों से प्राप्त धनराशि के कथित दुरुपयोग और महाविद्यालय संचालन से संबंधित अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ा है।

शिकायतकर्ता प्रवीण गम्भीर ने दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉलेज समिति के नाम से महाविद्यालय खोला गया था, जबकि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद समिति के संचालन एवं खातों को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। आरोप है कि छात्रों से विभिन्न मदों में प्राप्त करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि महाविद्यालय के खाते में जमा कराने के बजाय निजी इस्तेमाल में लिए जाने तथा फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने की शिकायत की गई है।

मामले में उच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका संख्या 2444/2020 में पारित आदेशों तथा महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के 24 जनवरी 2025 के आदेश का भी हवाला दिया गया है। विश्वविद्यालय के आदेश में महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं से प्राप्त धनराशि का आवश्यक अंकेक्षण कराए जाने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं परीक्षा संबंधी गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

मंडलायुक्त कार्यालय से जारी पत्र में प्रकरण की जांच कराए जाने तथा यदि कोई गबन अथवा अन्य अनियमितता मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी |

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र