उजिन फार्मा लिमिटेड को आईपीओ लाने के लिए सेबी की मिली मंज़ूरी
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई स्थित उजिन फार्मा लिमिटेड को शेयर बाजार में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को लाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की हरी झंडी मिल गई है।
रेगुलेटर से गुरुवार को मिली जानकारी के मुताबिक पूंजी बाजार नियामक सेबी ने उजिन फार्मा लिमिटेड कंपनी के आईपीओ प्रस्ताव को अंतिम मंज़ूरी दे दी है। इससे कंपनी को अपने आईपीओ के जरिए फंड जुटाने का रास्ता साफा हो गया है। कंपनी ने 22 जून को सेबी के पास अपने आईपीाअे के कागज़ात जमा किए थे।
उजिन फार्मा लिमिटेड के इस आईपीओ में 11,869,100 तक इक्विटी शेयरों का नया इश्यू और प्रमोटरों जिनेश रसिकलाल सेठ और उमंग केतन मेहता द्वारा 7,282,300 तक इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव (ऑफ़र-फॉर-सेल) शामिल है।
कंपनी अपने नए इश्यू से मिलने वाली 61.7 करोड़ रुपये की धनराशि का इस्तेमालअपनी सहयोगी कंपनी 'अल्ट्रा एग्रो-केम प्राइवेट लिमिटेड' में इक्विटी शेयरों के सब्सक्रिप्शन के जरिए निवेश करके उसे अपनी सब्सिडियरी बनाने, अपनी सहयोगी कंपनी 'अल्ट्रा फार्मा-केम प्राइवेट लिमिटेड' में इक्विटी शेयरों के सब्सक्रिप्शन के जरिए निवेश कर सब्सिडियरी बनाने में (21.6 करोड़ रुपये) और वित्तीय संस्थानों से लिए गए कुछ कर्ज़ों का आंशिक या पूरा भुगतान या प्री-पेमेंट करना (25 करोड़ रुपये) और सामान्य कॉर्पोरेट कामकाज के लिए करेगी।
उल्लेखनीय है कि 2005 में बनी ये कंपनी सॉल्वैंट्स, स्पेशलिटी केमिकल्स, एसिड, मोनोमर्स, फार्मास्युटिकल कच्चे माल और न्यूट्रास्युटिकल्स के विविध पोर्टफोलियो के वितरण और आपूर्ति के कारोबार में लगी हुई है। केमिकल इंडस्ट्री में दो दशकों से ज़्यादा के अनुभव के साथ, कंपनी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सप्लायर्स के साथ सोर्सिंग संबंध विकसित किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर