उजिन फार्मा लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सेबी के पास फाइल किया डीआरएचपी
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स)। मुंबई की केमिकल प्रोडक्ट्स सप्लायर कंपनी उजिन फार्मा लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।
सेबी के समक्ष जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार उजिन फार्मा लिमिटेड के 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में 1.18 करोड़ शेयरों का नया इश्यू और मौजूदा प्रमोटरों जिनेश रसिकलाल सेठ और उमंग केतन मेहता की ओर से 72.82 लाख शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) शामिल है। इस आईपीओ में कुल मिलाकर 1.91 करोड़ इक्विटी शेयर शामिल हैं। कंपनी के शेयरों को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है।
कंपनी नए इश्यू से मिलने वाली रकम का एक बड़ा हिस्सा ग्रुप के कारोबार को मजबूत करने और कर्ज कम करने में इस्तेमाल करने की योजना बना रही है।
उजिन फार्मा अपने नए इश्यू से मिली कुल रकम में से 61.7 करोड़ रुपये और 21.6 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सहयोगी कंपनियों, अल्ट्रा एग्रो-केम और अल्ट्रा फार्मा-केम में इक्विटी शेयर खरीदकर निवेश करने की योजना बना रही है, जिससे वे उसकी सब्सिडियरी बन जाएंगी। इसके अलावा 25 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा, जबकि बाकी बचे रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए होगा।
उजिन फार्मा लिमिटेड कंपनी दवा, एग्रोकेमिकल, स्पेशलिटी केमिकल, पेट्रोकेमिकल, इंडस्ट्रियल और ऑटोमोटिव सेक्टर में काम करने वाले ग्राहकों को सॉल्वेंट्स, स्पेशलिटी केमिकल्स, एसिड, मोनोमर्स, दवा बनाने का कच्चा माल और न्यूट्रास्युटिकल्स सप्लाई करती है। इसके अलावा कंपनी भिवंडी (महाराष्ट्र) और कांडला (गुजरात) में मौजूद कई वेयरहाउस और स्टोरेज सुविधाओं के जरिए अपने ग्राहकों को सेवा देती है। इसके लिए 1,277 सप्लायर्स का सोर्सिंग नेटवर्क काम करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर