टीवीएस मोटर की जून महीने में बिक्री 47 फीसदी बढ़कर हुई 5.90 लाख इकाई

 


नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स)। देश की तीसरी सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता टीवीएस मोटर कंपनी की जून में कुल बिक्री सालाना आधार पर 47 फीसदी बढ़कर 5,90,003 इकाई हो गई। पिछले वर्ष इसी महीने यह 4,02,001 इकाई रही थी।

टीवीएस मोटर ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि मोपेड सहित कुल दोपहिया वाहन की बिक्री 47 फीसदी बढ़कर 5,65,417 इकाई रही, जो जून, 2025 में 3,85,698 इकाई रही थी। घरेलू दोपहिया वाहन बिक्री जून में 46 फीसदी बढ़कर 4,11,014 इकाई रही, जबकि जून, 2025 में यह 2,81,012 इकाई थी। कंपनी ने कहा कि जून महीने में मोटरसाइकिलों की बिक्री सालाना आधार पर 1,88,774 इकाई से 42 फीसदी बढ़कर 2,67,096 इकाई रही।स्कूटरों की बिक्री 53 फीसदी बढ़कर 2,47,950 इकाई हो गई, जबकि जून, 2025 में यह 1,62,291 इकाई थी। वाहन विनिर्माता कंपनी ने बताया कि उसके इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री तीगुना होकर जून में 48,537 इकाई हो गई, जो जून 2025 में 14,400 इकाई थी।

कंपनी ने जून के दौरान 24,586 तिपहिया वाहन भी बेचे। इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय कारोबार से कुल बिक्री 47 फीसदी बढ़कर 1,72,355 इकाई रही, जबकि जून, 2025 में यह 1,17,145 इकाई थी। कंपनी की अंतरराष्ट्रीय दोपहिया वाहन बिक्री भी 48 फीसदी बढ़कर 1,54,403 इकाई हो गई, जो पिछले वर्ष इसी महीने में 1,04,686 इकाई थी। टीवीएस मोटर ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 16.31 लाख इकाई की अब तक की सर्वाधिक तिमाही बिक्री दर्ज की है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में दोपहिया वाहनों की बिक्री 27 फीसदी बढ़कर 15.64 लाख इकाई हो गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 48 फीसदी बढ़कर 67,000 इकाई रही। इस तरह कंपनी का कुल अंतरराष्ट्रीय कारोबार 33 फीसदी बढ़कर 4.68 लाख इकाई हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर